कोरोना पीड़ितों की मदद को विरूष्का ने 24 घंटे में जुटाये 3.6 करोड़ रुपये

0
47

मुंबईः देश में बढ़ते कोरोना मामलों के बीच मनोरंजन जगत की हस्तियां देश की इस मुश्किल घड़ी में जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए बढ़-चढ़ कर आगे आ रही हैं। इसी कड़ी में फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने इस मुश्किल घड़ी में लोगों की मदद के लिए फंड रेजिंग का अभियान शुरू किया है। विरुष्का के नाम से मशहूर इस कपल ने इस अभियान की शुरुआत दो करोड़ रुपये की राशि के योगदान के साथ की थी। इसके साथ ही दोनों ने लोगों से अपील की थी कि जितना हो सके इस अभियान में अपना योगदान दें। जिसके बाद कोविड-19 रिलीफ फंड में महज 24 घंटों के अंदर 3.6 करोड़ रुपये जमा हो गए हैं।

फैंस के इस सपोर्ट के लिए अनुष्का और विराट ने उनका आभार जताया है। अनुष्का शर्मा ने एक पोस्ट शेयर कर लिखा- इस मुहिम में योगदान देने वाले लोगों का दिल से शुक्रिया। हमने आधे से ज्यादा का लक्ष्य हासिल कर लिया है। चलिए इसे पूरा करते हैं। वहीं इसे लेकर विराट कोहली ने लिखा कि सिर्फ 24 घंटों में 3.6 करोड़ रुपये, ये दिल खुश करने वाला है। चलिए देश के लोगों की मदद के लिए ऐसे ही लगातार लड़ते रहेंगे।

यह भी पढ़ेंःयूपी के सरकारी, निजी अस्पतालों में रिकाॅर्ड 994.83 मीट्रिक टन ऑक्सीजन…

गौरतलब है अनुष्का और विराट द्वारा शुरू किया ये कैंपेन सात दिन तक चलेगा। इसमें जुटाए गए फंड से कोरोना से जंग लड़ रहे मरीजों को ऑक्सीजन, मेडकिल मैनपावर, वैक्सीनेशन के प्रति जागरुकता और अन्य टेलीमेडिसिन सुविधाएं दी जाएंगी। उल्लेखनीय है पिछले साल हुई कोरोना महामारी के बीच भी विराट और अनुष्का ने कई जरूरतमंद लोगों की मदद की थी और इस साल भी वह देश की इस मुश्किल घड़ी में मदद के लिए आगे आये हैं।