प्रदेश छत्तीसगढ़

पारम्परिक खेलों में गांव की महिलाओं ने दिखाया दम, कलेक्टर ने किया सम्मानित

नारायणपुर: प्रदेशस्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक की गुरुवार से शुरुआत हो गई है। जिले में गांव-गांव में छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के माध्यम से पारम्परिक खेल गिल्ली-डंडा, लंगड़ी दौड़, पिट्ठूल, रस्साकसी, फुगड़ी, भौंरा, खो-खो सहित अन्य खेलों का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत भरन्डा में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों से लेकर कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी, सीईओ जिला पंचायत देवेश कुमार ध्रुव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नारायणपुर घनश्याम जांगड़े सहित अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामीण, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हुए। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता तीन वर्गों में आयोजित की जा रही है। पहला 18 वर्ष की आयु तक, दूसरा 18 से 40 वर्ष की आयु तक वहीं तीसरा 40 वर्ष से अधिक आयु तक महिला और पुरुष दोनों वर्ग में शामिल हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें..दीपावली से पहले किसानों के घर आएगी ‘लक्ष्मी’, हितग्राहियों के खातों...

छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में शामिल खेलों में भाग लेने के लिए बालक-बालिकाओं के साथ गांव की महिलाएं भी खासी रुचि ले रही हैं। गांव की महिलाओं ने रस्साकसी खेल में भाग लिया और अपनी जीत के लिए पूरी ताकत से रस्सी खींचती नजर आई। महिलाओं के इस प्रयास को देख वहां उपस्थित दर्शकों ने न सिर्फ खूब तालियां बजाई, अपितु अपनी पसंद की टीमों को जिताने के लिए उनका उत्साहवर्धन भी किया। नारायणपुर कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने मौके पर विजेता को पुरस्कृत किया।

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में सबसे पहले राजीव गांधी युवा मितान क्लब स्तर के आयोजन 06 से 11 अक्टूबर तक होंगे। वहीं, जोन स्तर का आयोजन 15 से 20 अक्टूबर तक होंगे। विकासखंड स्तर पर 27 से 10 नवम्बर तक आयोजित किए जाएंगे। जिलास्तर पर 17 से 26 नवम्बर तक और संभागीय स्तर पर आयोजन 05 से 14 दिसम्बर के बीच होगा। वहीं, राज्य स्तर पर छत्तीसगढ़ी ओलम्पिक का अंतिम चरण 28 दिसंबर से 06 जनवरी 2023 तक आयोजित होगा।

नारायणपुर कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अपनी परम्परा और पहचान है, यहां की संस्कृति के साथ खेले जाने वाले खेल बहुत महत्व रखते हैं। यह भाईचारे की भावना को विकसित करने के साथ शारीरिक विकास में भी योगदान देता है। गांव-गांव इस तरह के आयोजन होने से एक बार फिर इन खेलों की पहचान बढ़ेगी और आने वाली पीढ़ी इसे जान पायेगी। उन्होंने लोगों से छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)