प्रदेश उत्तर प्रदेश

चित्रकूट में हुए गैंगवार के बाद बढ़ायी गयी बांदा जेल में सतर्कता, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

बांदाः चित्रकूट जेल में शुक्रवार को हुए गैंगवार में तीन बंदियों की मौत के बाद बांदा जेल में सतर्कता बढ़ा दी गई है। खासकर बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के बैरक के आसपास सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ शंकर मीणा ने जेल पहुंचकर एक-एक बैरक की छानबीन की उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।

मौके पर उपस्थित डिप्टी जेलर जिला कारागार, बांदा ने बताया कि वर्तमान में कारागार में कुल 567 बन्दियों की रखने की क्षमता है। जिला कारागार बांदा में कुल 1025 बन्दी निरूद्ध, विचाराधीन बन्दी 648, दोष सिद्ध 319, अल्प व्यस्क बन्दी 16, महिला बन्दी 45 निरूद्ध है। निरीक्षण में पाया गया कि बैरक के पंखे व टीवी चालू हालत में है। बैरक में बन्द बन्दियों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली गयी। बन्दियों की सामग्री की तलाशी के दौरान कोई भी अनाधिकृत सामग्री भी नहीं पायी गयी। डिप्टी जेलर को निर्देशित किया गया कि सभी बन्दियों को मास्क अवश्य लगवाये जायें तथा वर्जित सामग्री किसी भी दशा में अन्दर न लाने दिया जाये।

यह भी पढ़ेंःयहां निकली हैं ग्रामीण डाक सेवक की बंपर भर्तियां, आप भी...

जेल अस्पताल में चिकित्सक के पद पर तैनात डा. धीरेन्द्र प्रताप द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में जेल अस्पताल में कुल 22 बन्दी भर्ती है। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में भर्ती बन्दियों से उनकी बीमारियों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गयी। भर्ती बन्दी मरीजों कोई भी समस्या नहीं बतायी गयी। जिलाधिकारी द्वारा डा. धीरेन्द्र प्रताप को निर्देशित किया गया कि भर्ती मरीजों का नियमित उपचार किया जाये।