Featured आस्था

समय रहते इन आदतों में कर लें सुधार वरना बन सकते हैं महामूर्ख

नई दिल्लीः विदुर महाभारत के मुख्य पात्रों में एक ऐसा नाम थे, जिनकी विद्वता और बुद्धिमता का लोहा आज भी माना जाता है। कौरवों के पक्ष के होने के बाद भी विदुर ने महाभारत काल में हमेशा सही का साथ दिया। महात्मा विदुर ने अपनी दूरदर्शी सोच के आधार पर नीतियों का निर्माण किया। उन्होंने जीवन व राजकाज में सफल होने के लिए कई आदर्श नियम बताए हैं, जिन्हें विदुर नीति के नाम से जाना जाता है। महाभारत काल के सबसे बड़े बुद्धिजीवियों में से एक महात्मा विदुर एक महान विचारक थे। विदुर विद्वान होने के साथ-साथ दूरदर्शी भी थे। वह समय से पहले ही चीजों को भांप लिया करते थे। महात्मा विदुर समाज की भी गहराई से समझ रखते थे। विदुर ने अपने नीति शास्त्र में समाज कल्याण और लोगों को सही जीवन जीने के सुझाव दिए हैं। उनकी नीतियों का अनुसरण करने वाला व्यक्ति हमेशा जीवन में सुखी रहता है। महात्मा विदुर की नीतियां आज के समय में भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने अपने नीति शास्त्र में श्लोकों के माध्यम से बताया कि आखिर किन कामों को करने वाले लोग मूर्ख कहलाते हैं।

अमित्रं कुरुते मित्रं मित्रं द्वेष्टि हिनस्ति च।
कर्म चारभते दुष्टं तमाहुर्मूढचेतसम् ॥
इस श्लोक के माध्यम से विदुर बताते हैं कि जो व्यक्ति शत्रु से दोस्ती कर अपने मित्रों और शुभचिंतकों को दुख देता है, उनसे द्वेष रखता है। जो हमेशा बुरे कार्यों में लिप्त रहता है। वह हमेशा मूर्ख कहलाता है।

अगले श्लोक में महात्मा विदुर फिर बताते हैं कि
संसारयति कृत्यानि सर्वत्र विचिकित्सते।
चिरं करोति क्षिप्रार्थे स मूढो भरतर्षभ॥
इस श्लोक के माध्यम से विदुर कहते हैं कि जो व्यक्ति हमेशा दूसरों को संदेह की दृष्टि से देखता है, अनावश्यक कर्म करता है। जल्दी से करने वाले कार्यों में विलंब करता है। वह सदा ही मूर्ख कहलाता है।

अनाहूतः प्रविशति अपृष्टो बहु भाषेते।
अविश्चस्ते विश्चसिति मूढचेता नराधमः॥
इस श्लोक में महात्मा विदुर बताते हैं कि जो लोग बिना आज्ञा लिए किसी के भी कमरे में प्रवेश कर लेते हैं या बिना सलाह लिए ही दूसरों पर अपनी बातों को थोपते हैं और जो अजनबियों पर भी विश्वास कर लेते हैं। ऐसे लोग भी मूर्ख की श्रेणी में ही आते हैं।

यह भी पढ़ें-भाजपा सांसद अर्जुन सिंह के घर बमबारी, राज्यपाल ने कानून-व्यवस्था पर...

परं क्षिपति दोषेण वर्त्तमानः स्वयं तथा।
यश्च क्रुध्यत्यनीशानः स च मूढतमो नरः॥
महात्मा विदुर बताते हैं कि जो लोग अपनी गलतियों को दूसरे की गलती बताते हैं और खुद को बुद्धिमान बताते हैं। हर चीज में अक्षम होते हुए भी जल्दी गुस्सा करते हैं। ऐसे लोग महामूर्ख कहलाते हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)