Indian Navy: नौसेना के नए वाइस चीफ बने संजय जसजीत सिंह, संभाला कार्यभार

0
49

sanjay-jasjit-singh-new-navy-vice chief

नई दिल्लीः वाइस एडमिरल संजय जसजीत सिंह को भारतीय नौसेना (Indian Navy) का नया वाइस चीफ नियुक्त किया गया है। उन्होंने रविवार को कार्यभार संभालने के बाद राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पहुंचकर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिसके बाद उन्हें साउथ ब्लाक में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने वाइस एडमिरल सतीश कुमार नामदेव घोरमडे की जगह ली है, जो नौसेना में 39 साल से अधिक की सेवा देने के बाद 31 मार्च को रिटायर हुए हैं। इससे पहले संजय जसजीत सिंह इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (ऑपरेशन) के उप प्रमुख का पदभार संभाल रहे थे।

ये भी पढ़ें..NMACC: अंबानी परिवार के इवेंट में लगा सितारों का जमावड़ा, प्रियंका से लेकर माधुरी की एंट्री ने जीता फैंस का दिल

वाइस एडमिरल संजय जसजीत सिंह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के स्नातक हैं। उन्हें 1986 में नौसेना (Indian Navy) की कार्यकारी शाखा में नियुक्त किया गया था। वह 2009 में भारतीय नौसेना के समुद्री सिद्धांत, 2015 में परिवर्तन के लिए रणनीतिक मार्गदर्शन और 2015 की भारतीय समुद्री सुरक्षा रणनीति के प्रमुख प्रारूपक थे। उन्होंने 1992 में नेविगेशन और डायरेक्शन में विशेषज्ञता हासिल की। ​​साल 2000 में यूके में एडवांस्ड कमांड एंड स्टाफ कोर्स किया। उन्होंने 2009 में नेवल वॉर कॉलेज, मुंबई से नेवल हायर कमांड कोर्स और 2012 में डिफेंस कॉलेज दिल्ली से नेशनल सिक्योरिटी स्ट्रैटेजी कोर्स किया।

अधिकारियों के अनुसार, उन्होंने कई कमान, प्रशिक्षण और स्टाफ नियुक्तियां की हैं। उन्होंने पिछले तीन दशकों में भारतीय नौसेना के जहाजों के साथ सेवा की है। भारतीय नौसेना ने उन्हें ईरान में अताशे के रूप में नियुक्त किया और उन्हें वहां एक विशेष जिम्मेदारी सौंपी। फ्लैग रैंक में, उन्होंने नौसेना मुख्यालय में सहायक प्रमुख (संचार, अंतरिक्ष और नेटवर्क-केंद्रित संचालन), कोच्चि में फ्लैग ऑफिसर सी ट्रेनिंग, मुंबई में फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग वेस्टर्न फ्लीट, गोवा में कमांडेंट नेवल वॉर कॉलेज और कंट्रोलर पर्सनेल सर्विसेज के तहत काम किया।

नौसेना में किये गए अन्य बदलावों के तहत वाइस एडमिरल सूरज बेरी ने शनिवार को कार्मिक प्रमुख के तौर पर कमान संभाली। वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने नियंत्रक कार्मिक सेवा के तौर पर तो वाइस एडमिरल अतुल आनंद ने नौसेना संचालन महानिदेशक का कार्यभार संभाला है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)