प्रदेश मध्य प्रदेश

सीएम शिवराज बोले- बहुत जल्द श्री महाकाल लोक महालोक के रूप में होगा परिवर्तित

उज्जैनः मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को श्री महाकाल लोक के विस्तारीकरण के द्वितीय चरण के निर्माणाधीन कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान महाकालेश्वर की कृपा से प्रथम चरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। द्वितीय चरण के अन्तर्गत निर्माणाधीन कार्य शीघ्र ही पूर्ण होंगे। ‘श्री महाकाल लोक’ शीघ्र ही ‘महालोक’ के रूप में परिवर्तित होगा। 47 हेक्टेयर का विशाल परिसर दिव्य और अलौकिक ऊर्जा का केन्द्र बनेगा।

मुख्यमंत्री चौहान ने इस दौरान द्वितीय चरण में बनने वाले शिखर दर्शन, ध्यान कक्ष, छोटे रूद्र सागर के जीर्णोद्धार, महाराजवाड़ा हैरिटेज धर्मशाला का निरीक्षण किया। कलेक्टर आशीष सिंह और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के इंजीनियर ने मुख्यमंत्री को निर्माणाधीन कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने महाकाल लोक का किया भ्रमण

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को उज्जैन प्रवास के दौरान नवनिर्मित महाकाल लोक का भ्रमण किया। सांसद अनिल फिरोजिया ने इलेक्ट्रॉनिक वाहन चलाया, जिसमें बैठकर मुख्यमंत्री चौहान ने महाकाल लोक में निर्मित कलाकृतियों का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महाकाल लोक के अनुपम सौन्दर्य का अवलोकन करने प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आये श्रद्धालुओं से चर्चा की। उन्हें महाकाल लोक के अदभुत सौन्दर्य एवं पत्थरों पर उकेरी गई कलाकृतियों की जानकारी दी और उनसे फीडबैक भी लिया।

प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं देश के विभिन्न स्थानों से आये हुए श्रद्धालुओं ने महाकाल लोक की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री चौहान को बताया कि महाकाल लोक अद्वितीय है एवं अनुपम है। इसकी तुलना किसी भी वस्तु से नहीं की जा सकती है। सभी ने एक स्वर में कहा कि वे यहां से जाने के बाद अपने परिचितों एवं स्वजनों को महाकाल लोक की अनुभव यात्रा के बारे में बतायेंगे और उन्हें प्रेरित करेंगे कि वे महाकाल लोक का भ्रमण एक बार अवश्य करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकाल लोक का अनुभव करना है तो मन में श्रद्धा का भाव लायें। इससे महाकाल लोक की अनुभूति दुगुनी हो जायेगी।

महाकाल लोक के भ्रमण के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन, महापौर मुकेश टटवाल, बहादुर सिंह बोरमुंडला, विवेक जोशी, विशाल राजौरिया सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने भी ई-रिक्शा में सवार होकर महाकाल लोक का अवलोकन किया।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…