Featured दुनिया

पुलिस की गोली से किशोर की मौत के बाद पेरिस में बवाल, जगह-जगह आगजनी व पथराव

france पेरिसः फ्रांस में एक पुलिस अधिकारी द्वारा किशोर की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद हिंसा भड़क उठी है। देश के अलग-अलग हिस्सों में आगजनी और पथराव हो रहा है। गुस्साए लोग भीड़ की शक्ल में इकट्ठा होकर पुलिस और सुरक्षा बलों पर हमला कर रहे हैं। कई गाड़ियां जला दी गई हैं। हिंसा में 24 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। वहीं 150 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

किशोर को नजदीक से मारी गयी गोली

फ्रांस की राजधानी पेरिस के उपनगर नैनटेरे में यातायात नियम तोड़ने पर पुलिसकर्मी ने एक किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी। किशोर को नजदीक से सीने में गोली मारी गई थी। इस पर पुलिस ने कहा कि किशोर ने पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, जिस पर पुलिस ने गोली चला दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद साफ हो गया कि पुलिस झूठ बोल रही है। इससे लोग आक्रोशित हो गये। गुस्साए लोगों ने न केवल पेरिस, बल्कि पूरे फ्रांस में आक्रोश व्यक्त करना शुरू कर दिया। जगह-जगह पथराव और आगजनी शुरू हो गई है। आक्रोशित लोगों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया है। प्रदर्शनकारियों ने नानतेरे शहर में बम विस्फोट किए, जिससे हर जगह आग लग गई। यह हिंसा देश के अलग-अलग हिस्सों में फैल गई है। बसों में आग लगा दी गई है। फ्रांस के दक्षिणी शहर तोलाउस में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच पथराव हुआ। पथराव की इस घटना में 24 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं। देशभर में पुलिस ने 150 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। ये भी पढ़ें..Eid-al-Adha 2023: देशभर में धूमधाम से मनाई जा रही बकरीद, राष्ट्रपति...

राष्ट्रपति ने कहा अस्वीकार्य और अक्षम्य

इस घटना के बाद फ्रांस के सुरक्षा बलों के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट रहा है। पुलिसकर्मी द्वारा किशोर की हत्या की निंदा की जा रही है। इस घटना पर कई मशहूर हस्तियों ने दुख जताया है। सरकार ने अपने बयान में सुरक्षा बलों की भी आलोचना की है। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने कहा कि किशोर की हत्या अस्वीकार्य और अक्षम्य है। इस हत्याकांड को किसी भी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)