Jharkhand: उग्र हुआ कुड़मी समाज का आंदोलन, चांडिल में लाठीचार्ज

0
10

kudmi-samaj-rail-roko-andolan

रांची: झारखंड में कुड़मी संगठनों ने कुड़मी समुदाय (Kudmi samaj) को अनुसूचित जनजाति (एसटी) में शामिल करने और कुड़माली भाषा को संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर बुधवार को रेल टेका, दहर छेंका (रेल रोको-रास्ता रोको) आंदोलन शुरू किया।

कुड़मियों के इस आंदोलन का असर झारखंड में व्यापक रूप से दिख रहा है। गौरतलब है कि कुड़मी समुदाय (Kudmi samaj) के लोगों का यह तीसरा आंदोलन है। उनकी केंद्र से मांग है कि उन्हें आदिवासी का दर्जा दिया जाए। वर्तमान में ये लोग ओबीसी की श्रेणी में आते हैं। एक अनुमान के मुताबिक झारखंड में कुड़मी समुदाय (Kudmi samaj) की आबादी 22 फीसदी है।

चांडिल में लाठीचार्ज, धारा 144 लागू

सरायकेला-खरसावां जिले में कुड़मी आंदोलनकारी (Kudmi samaj) नीमडीह स्टेशन के अंदर जाने पर अड़े थे। कुड़मियों ने पथराव भी किया, जिसके बाद पुलिस ने आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज किया। पुलिस लाठीचार्ज से आंदोलनकारी भागने लगे। कुछ आंदोलनकारी घायल भी हो गये, जिन्हें समाज के लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नीमडीह पहुंचाया। घटना के बाद चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी रंजीत लोहरा, दंडाधिकारी सह सीओ सह बीडीओ संजय पांडे मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों को धारा 144 के बारे में बताया। नीमडीह थाना प्रभारी तंजील खान, चांडिल के जीआरपी रमेश कुमार, जिला पुलिस बल, आरपीएफ और जीआरपीएफ इलाके में मोर्चा संभाले हुए हैं। राज्य के विभिन्न स्टेशनों के आसपास के इलाकों को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

गोमो स्टेशन पर पुलिस से भिड़े आंदोलनकारी

वहीं, पश्चिमी सिंहभूम के सोनुआ थाना क्षेत्र के घाघरा स्टेशन और गोमो स्टेशन पर रेल चक्का जाम कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे आंदोलनकारियों को जब पुलिस ने रोका तो कुड़मी समुदाय के एक सदस्य की पुलिस से नोकझोंक हो गई। इस दौरान आंदोलनकारियों ने सोनुआ थाना प्रभारी सोहनलाल से रोकने का कारण पूछा और पुलिस से उलझ गये। इसके बाद प्रदर्शनकारी जबरन घाघरा स्टेशन के अंदर चले गये। यही हाल धनबाद के गोमो स्टेशन का भी हुआ। सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष छोटे-बड़े वाहनों से घाघरा स्टेशन पहुंचे। हालांकि, स्टेशन के अंदर भी सुरक्षा बल तैनात हैं। आदिवासी कुड़मी समुदाय द्वारा गोमो रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोकने की घोषणा के बाद गोमो में अगले आदेश तक निषेधाज्ञा लागू कर दी गयी है।

यह भी पढ़ें-कुड़मी समाज के आंदोलन से रेल सेवा प्रभावित, ट्रेनों के इंतजार…

गोमिया विधायक लंबोदर महतो पुलिस हिरासत में

कुड़मी-कुरमी को एसटी का दर्जा देने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे गोमिया विधायक लंबोदर महतो को सिल्ली पुलिस ने बुधवार को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने उसे मुरी जंक्शन से हिरासत में लिया है। फिलहाल उसे सिल्ली थाने में रखा गया है। लंबोदर महतो ने बताया कि रेल रोको अभियान के दौरान सिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है. फिलहाल वह अपने समर्थकों के साथ सिल्ली थाने में बैठे हुए हैं।

ये ट्रेनें बुधवार को रद्द हैं

1. ट्रेन नंबर 15027 हटिया-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन
2. ट्रेन नंबर 13403 रांची-भागलपुर एक्सप्रेस ट्रेन
3. ट्रेन नंबर 15661 रांची-कामाख्या एक्सप्रेस ट्रेन

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)