UP में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बढ़ेगी बादलों की आवाजाही, गिरेगा दिन का तापमान

0
5

UP Winter: पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना बढ़ गई है, जिससे उत्तर प्रदेश में उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं तेजी से बढ़ेंगी। इसके साथ ही बादलों की आवाजाही भी बढ़ेगी और सुबह-शाम कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान गिरेगा और ठंड बढ़ेगी।

इस कारण होगी तापमान में गिरावट

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडे ने रविवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और उसके आसपास के इलाकों पर है। एक चक्रवाती परिसंचरण भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और श्रीलंकाई तट के पास बंगाल की दक्षिण-पश्चिमी खाड़ी के ऊपर स्थित है। इसके चलते कानपुर मंडल समेत उत्तर प्रदेश के अधिकांश राज्यों में ठंडक का अहसास धीरे-धीरे बढ़ रहा है। साथ ही तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है। पहाड़ों पर बर्फबारी का असर अब दिल्ली एनसीआर, कानपुर समेत पूरे उत्तर प्रदेश में सर्दी के रूप में देखने को मिल रहा है।

कानपुर में रात का तापमान गिर रहा है। सुबह से ही आसपास के इलाकों में कड़ाके की ठंड देखी गई। अगर दिन में बादल छाए रहेंगे तो तापमान गिर सकता है और दिन की ठंड बढ़ सकती है। सुबह के समय घने कोहरे के कारण आपको कुछ परेशानियों का सामना जरूर करना पड़ेगा, लेकिन सूर्योदय के साथ ही कोहरा छंट जाएगा।

यह भी पढ़ें-Health: दिल की बीमारियों से रहना है दूर तो सिगरेट और Smoking को कहे ना, जानें इसके खतरे

5.7 डिग्री सेल्सियस रहा कानपुर का न्यूनतम तापमान

डॉ. एसएन सुनील पांडे ने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 22.8 और न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 94 प्रतिशत तथा दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 32 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिम थी और औसत गति 1।6 किमी प्रति घंटा थी। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले पांच दिनों में कानपुर में दिन और रात में ठंड बढ़ने के साथ आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने की पूरी संभावना है, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)