उत्तर प्रदेश

UP Transport: रोडवेज को मिला 500 करोड़, खरीदी जाएंगी 1,500 नई बसें

लखनऊः उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UP Transport Department) को इस बार 500 करोड़ रुपए का बजट मिला है। यूपी रोडवेज को पिछले बजट में दी गई धनराशि के मुकाबले इस बार 300 करोड़ रुपए अधिक मिले हैं। इस बजट से यूपीएसआरटीसी 1,500 नई बसों की खरीद करेगा। इन बसों के बेड़े में शामिल होने के बाद यूपी रोडवेज की बसों की संख्या 13,000 से अधिक हो जाएगी। कुल खरीदी जाने वाली 1,500 बसों में 220 बसें लखनऊ परिक्षेत्र को मिलेंगी। परिवहन निगम बजट में मिली धनराशि से वित्तीय वर्ष 2024-25 में इन बसों की खरीद करेगा। वर्तमान समय में लखनऊ परिक्षेत्र में बसों की संख्या एक हजार है, जिनका संचालन अयोध्या, गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, सीतापुर, लखीमपुर, गोंडा, बहराइच समेत अन्य जनपदों के लिए किया जाता है।

अयोध्या मार्ग पर नई बसें चलाने की तैयारी

अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में अब अयोध्या मार्ग पर नई बसें चलाने की तैयारी रोडवेज अफसर कर रहे हैं। लखनऊ के रास्ते 50 से अधिक नई बसें संचालित करने की योजना है। वित्तीय वर्ष 2022-23 के बजट में रोडवेज को शामिल किया गया था। उस दौरान बजट में 200 करोड़ की धनराशि आवंटित की गई थी। इस बार के बजट में 500 करोड़ मिला है। जिससे नई बसों की खरीद में आसानी होगी। ये भी पढ़ें..किसानों के साथ अधिकारियों की 3 घंटे चली बैठक, 18 फरवरी तक का अल्टीमेटम यूपी रोडवेज के जीएम व पीआरओ अजीत सिंह ने बताया कि बजट की धनराशि से साधारण बसों की चेसिस खरीदी जाएगी। एक बस की चेसिस खरीद पर करीब 32 लाख रुपए का खर्च आता है, वहीं बस बॉडी बनाने का खर्च अलग से देना होता है। नई बसों में यात्रियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। सभी बसों में पैनिक बटन लगाए जाएंगे जिन्हें डायल 112 से जोड़ा जाएगा।

मार्च तक क्षेत्रों को आवंटित होंगी 700 नई बसें

आगामी मार्च माह तक क्षेत्रों को 700 नई बसें आवंटित की जाएंगी। प्रबंध निदेशक ने इसका अनुमोदन प्रदान कर दिया है। जिसके बाद प्रधान प्रबंधक संचालन मनोज कुमार ने इस बाबत आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत फरवरी माह में 300 और मार्च माह में 400 बसें आवंटित की जाएंगी। नोएडा व वाराणसी क्षेत्र को बसें आवंटित नहीं की जाएंगी। मुख्यालय स्तर से क्षेत्रों को मांग के अनुसार व तीन क्षेत्रों को बिना मांग के बसों का आवंटन किया गया है। आदेश में सभी क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबंधक व सेवा प्रबंधक को मुख्य प्रधान प्रबंधक (प्राविधिक) से सम्पर्क कर बसों को प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। 700 बसों में से मेरठ क्षेत्र को 130, चित्रकूट क्षेत्र को 10, अयोध्या क्षेत्र को 40, कानपुर क्षेत्र को 10, गोरखपुर क्षेत्र को 10, देवीपाटन क्षेत्र को 10, बरेली, झांसी और लखनऊ क्षेत्र को 30-30, हरदोई व आजमगढ क्षेत्र को 10-10, सहारनपुर क्षेत्र को 80, आगरा क्षेत्र को 100, मुरादाबाद क्षेत्र को 20, गाजियाबाद क्षेत्र को 150 अलीगढ क्षेत्र को 10 और प्रयागराज क्षेत्र को 20 बसें आवंटित की गई हैं। (रिपोर्ट- पंकज पाण्डेय, लखनऊ) (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)