UPRTC: 74 एआरएम की होगी भर्ती, 547 पदों के प्रस्ताव को अभी भी मंजूरी का इंतजार

45

लखनऊः उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम में अफसरों की कमी को दूर करने के लिए शासन ने 74 सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) की भर्ती के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। एआरएम की भर्ती पूर्व में चिन्हित एजेंसी आईआईएम से कराई जाएगी। इनमें एआरएम संचालन, टेक्निकल और लाॅ आफिसर के पद भी शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया को तीन महीने में पूरा कराने का लक्ष्य तय किया गया है, वहीं परिवहन निगम की वर्कशाॅप और फील्ड में खाली कर्मियों के पदों को भरने के लिए तैयार किए गए प्रस्ताव को शासन से हरी झंडी मिलने का इंतजार है।

परिवहन निगम ने 547 कर्मियों की भर्ती का अलग प्रस्ताव बनाया है, जिसे मंजूरी के लिए शासन को भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, 547 कर्मियों के भर्ती प्रस्ताव में अधिकतर पद वर्कशाॅप के हैं। इनमें मैकेनिक, सुपरवाइजर समेत अन्य पद शामिल हैं, वहीं बस अड्डों के लिए जेएसआई (जूनियर स्टेशन इंचार्ज) की भर्ती की जाएगी। वर्तमान में जेएसआई पद का काम अन्य कर्मियों के जरिए चलाया जा रहा है। गौरतलब है कि परिवहन निगम की वर्कशाॅप में तकनीकी कर्मियों के आधे से अधिक पद खाली हैं। निगम में वर्कशाॅप कर्मियों की लम्बे समय से भर्ती नहीं हुई है। इसके चलते बसों के मेंटीनेंस की व्यवस्था चरमराई हुई है। आउटसोर्सिंग के जरिए किसी तरह काम चलाया जा रहा है।

हालांकि, आउटसोर्स कर्मियों को भी निगम की ओर से बहुत कम दिहाड़ी दी जाती है। इसके चलते निगम की वर्कशाॅप में काम करने के लिए अच्छे मैकेनिक नहीं मिल पाते हैं। अच्छे मैकेनिक न होने के चलते अक्सर निगम की बसें बीच रास्ते खराब हो जाती हैं और यात्रियों को सफर में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा परिवहन निगम में 815 मृतक आश्रितों की भर्ती का प्रस्ताव भी शासन स्तर से लम्बित है। मृतक आश्रितों के भर्ती प्रस्ताव को भी जल्द मंजूरी मिलने की सम्भावना है।

500 आरटीओ सिपाहियों की होगी भर्ती –

परिवहन विभाग में आरटीओ सिपाहियों की भर्ती के प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। आरटीओ सिपाहियों की भर्ती अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के जरिए होगी। भर्ती प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब सिपाहियों के बड़े पैमाने पर खाली पड़े पदों को भरा जा सकेगा, वहीं आरटीओ सिपाहियों की भर्ती समूह घ की जगह समूह ग के तहत होगी। इस बदलाव से आरटीओ सिपाहियों को ग्रेड-पे का लाभ मिलने के साथ भविष्य में प्रमोशन का लाभ भी मिल सकेगा। इसके साथ ही उनका वेतन भी अब वन और आबकारी विभाग के प्रवर्तन सिपाहियों की तरह हो जाएगा। अब तक आरटीओ सिपाहियों के प्रमोशन की व्यवस्था नहीं थी। वह सिपाही के पद से ही सेवानिवृत्त हो रहे थे। हालांकि, अब भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता को बढ़ाकर इंटरमीडिएट कर दिया गया है। कैबिनेट की बैठक में परिवहन विभाग में 500 सिपाहियों की भर्ती के प्रस्ताव पर मुहर लगी है। आरटीओ सिपाहियों के कुल 744 पद हैं, जिनमें से 244 पद भरे हैं।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…