MLC Election: सीएम योगी ने डाला वोट, कहा- विधानसभा की तरह भाजपा को मिलेगा प्रचंड बहुमत

34

गोरखपुरः यूपी में विधान परिषद (UP MLC Election 2022) की खाली हुई 36 में से 27 सीट पर शनिवार सुबह आठ बजे से मतदान जारी जारी है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में वोट डाला। नगर निगम में मतदान करने के बाद उन्होंने कहा कि यह मतदान यूपी और गोरखपुर के विकास के साथ राष्ट्रवाद और अपराधमुक्त यूपी के लिए हो रहा है। सीएम योगी ने कहा विधानसभा की तरह विधान परिषद में भी भाजपा का प्रचंड बहुमत होगा। नगर निगम के बाहर बने मीडिया सेंटर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एंटी भू माफिया की कार्रवाई पेशेवर अपराधियों के लिए है।

ये भी पढ़ें..IPL : राहुल तेवतिया ने पंजाब के जबड़े से छीनी जीत, अंतिम दो गेंदों पर 2 छक्के लगाकर गुजरात को दिलाई जीत

मतदान के बाद सीएम योगी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस पूरे प्रदेश में MLC सीटों पर चुनाव आयोजित किए गए हैं। मैं यहां अपना मतदान करने आया हूं। जो 36 सीटों पर चुनाव की अधिसूचना जारी हुई थी। इनमें से 9 सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध चुने गए हैं। 27 सीटों पर आज चुनाव हो रहे हैं।

इसके पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव में मतदान को लेकर ट्वीट किया। उन्होंने न सिर्फ मतदान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने की वकालत की है बल्कि आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश को संबल प्रदान करने के लिए इसे जरूरी भी बताया है। अपने ट्वीट में योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सभी पात्र सम्मानित मतदाता गण विकास, राष्ट्रवाद व सुशासन की विजय के लिए अवश्य मतदान करें। आपका एक मत ”आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश” की निर्माण यात्रा को संबल प्रदान करेगा।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 36 सीटों में से 27 पर आज मतदान हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी नौ सीटों पर पहले ही निर्विरोध जीत दर्ज कर चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में मतदान किया है। सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी उच्च सदन में भारी बढ़त बनाने के लिए पूरी ताकत से लगी हुई है। उत्तर प्रदेश विधान परिषद में अभी भारतीय जनता पार्टी के पास 35 सीटें हैं। वहीं समाजवादी पार्टी के पास 17, बहुजन समाज पार्टी के पास चार और सात अन्य के पास हैं। खाली 37 सीटों पर चुनाव प्रक्रिया चल रही है। इनमें से नौ सीटों पर भारतीय जनता पार्टी निर्विरोध जीत दर्ज कर चुकी है। 27 सीटों पर शनिवार को सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ है। शाम चार बजे तक मतदान होगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)