लखनऊः यूपी विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा की बहुमत से एकतरफा जीत हो चुकी है। यूपी भाजपा में की जीत का जश्न लखनऊ से लेकर दिल्ली तक मनाया जा रहा है। वहीं जीत के बाद योगी के दफ्तर पहुंचने पर भारत माता की जय,वंदे मातरम् और जय श्रीराम के नारों से बीजेपी ऑफिस गूंज रहा था। इस दौरान भाजपा कार्यालय में जमकर रंगों की होली खेली गई। वहीं बार के बाद आज अखिलेश यादव ने चुप्पी तोड़ी है। अखिलेश ने पिछली बार से सीटें बढ़ाने के लिए जनता का धन्यवाद देते हुए कहा है कि बीजेपी का भ्रम और छलावा दूर हो जाएगा।
ये भी पढ़ें..जम्मू-कश्मीरः पुलवामा मुठभेड़ में लश्कर के 2 आतंकी ढेर, सेना के 3 जवान घायल
वहीं नतीजों के अगले ही दिन यानी शुक्रवार सुबह अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘उत्तर प्रदेश की जनता को हमारी सीटें ढाई गुनी और मत प्रतिशत डेढ़ गुना बढ़ाने के लिए हार्दिक धन्यवाद! हमने दिखा दिया है कि भाजपा की सीटों को घटाया जा सकता है। भाजपा का ये घटाव निरंतर जारी रहेगा। आधे से ज़्यादा भ्रम और छलावा दूर हो गया है बाकी कुछ दिनों में हो जाएगा। जनहित का संघर्ष जीतेगा!’
भाजपा ने 255 सीटों पर किया कब्जा
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को आए चुनाव के नतीजों में भाजपा को 255 सीटों पर जीत मिली है। सहयोगियों की बात करें तो निषाद पार्टी के खाते में 6, जबकि अपना दल के खाते में 12 सीटें आई हैं। वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के खाते में 111 सीटें आई हैं। वहीं सपा की सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल को 8 और राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को 6 सीटों पर जीत मिली है। चुनाव आयोग के मुताबिक, भाजपा को 41.29 प्रतिशत मत हासिल हुए हैं, जबकि समाजवादी पार्टी को 32.06 फीसदी और बहुजन समाज पार्टी को 12.88 प्रतिशत मत प्राप्त हुए हैं।
दरअसल भारतीय जनता पार्टी के जीत का सबसे बड़ा सूत्र यही है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचा। लॉकडाउन के दौरान रोजगार न होने पर भी भूखे मरने की नौबत नहीं आई। कुछ पैसा ऐसे लोगों के खाते में पहुंचता रहा। छुट्टा जानवरों का मसला बड़ा था, लेकिन मुफ्त अनाज, तेल और योजनाओं का सीधा लाभ उस पर हावी हो गया।
अयोध्या में सपा ने भाजपा से दो सीटें छीनी
2017 के विधानसभा चुनाव में जिले की पांचों सीट पर काबिज रही भाजपा से सपा ने दो सीटें छीन ली हैं। अयोध्या सीट पर भी सपा ने पसीने छुड़ा दिए। भाजपा के लिए आराम से जीतने वाली सीट रुदौली साबित हुई, जहां से रामचंद्र यादव ने जिले में सबसे अधिक अंतर लगभग 35 हजार वोटों से सपा प्रत्याशी को पटखनी देकर हैट्रिक बनाई है। सपा ने जो दो सीटें छीनी हैं उसमें मिल्कीपुर सीट से सपा के पूर्व मंत्री अवधेश प्रसाद ने भाजपा प्रत्याशी गोरखनाथ बाबा को तकरीबन 12 हजार वोटों से हरा दिया। वहीं दूसरी सीट गोसाईगंज भी भाजपा ने गंवाई जहां से सपा के अभय सिंह ने भाजपा के पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू की पत्नी आरती तिवारी को लगभग 12 हजार मतों से हरा दिया। कुल मिलाकर जिले की पांच सीटों में दो सपा और तीन भाजपा के खाते में गई।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)