UP Election Result: छानवे ने तोड़ा 40 साल का रिकाॅर्ड, भाजपा उम्मीदवार ने दोबारा सीट पर किया कब्जा

33

मीरजापुरः जिले के छानवे विधानसभा क्षेत्र में भाजपा और अपना दल (एस) गठबंधन का विजय अभियान इस बार भी जारी रहा। नाराजगी और विरोध के बीच मैदान में उतरे भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी राहुल प्रकाश कोल सभी सियासी समीकरण ध्वस्त करते हुए 40 वर्ष का रिकाॅर्ड तोड़ लगातार दूसरी बार जीते। उन्होंने सपा प्रत्याशी कीर्ति कोल को 38,025 मतों से हराया। इतना ही नहीं इस बार नाराज ब्राह्मण एवं ठाकुर मतदाताओं का समर्थन अपने पक्ष में करने में भी सफल हुए। यही नाराज मतदाता इनकी जीत में मददगार साबित हुए। छानवे विधानसभा क्षेत्र से 2017 में भाजपा-अपना दल (एस) गठबंधन के प्रत्याशी रहे राहुल प्रकाश कोल ने एक लाख 707 मत प्राप्त कर बसपा के धनेश्वर गौतम को लगभग 57 हजार मतों से पराजित किया था।

धनेश्वर गौतम को 43 हजार 700 वोट मिले थे। उस समय सपा-कांग्रेस गठबंधन के संयुक्त उम्मीदवार पूर्व विधायक भाईलाल कोल 37 हजार 108 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे थे। 2022 में छानवे विधानसभा क्षेत्र से आठ प्रत्याशी मैदान में थे। 366 बूथों पर कुल दो लाख 8 हजार 976 मत पड़े। जमानत बचाने के लिए प्रत्याशी को न्यूनतम 34 हजार मत पाने थे। 62 हजार 400 मत पाकर दूसरे नंबर पर रही सपा प्रत्याशी कीर्ति कोल को छोड़ कोई भी प्रत्याशी अपनी जमानत नहीं बचा पाया। पहले दूसरे राउंड की मतगणना का परिणाम आया। सपा ने दो हजार 17 मत पाकर बढ़त बनाई। तीसरे राउंड की मतगणना में राहुल प्रकाश ने सपा पर 500 मत की बढ़त बना ली।

ये भी पढ़ें..आईएसएसएफ शूटिंग : अनीश भनवाला ने जीता गोल्ड मेडल

चौथे राउंड में बढ़त बरकरार रखते हुए राहुल प्रकाश 800 मतों से आगे हुए। 10वें राउंड में सपा खेमे में बेचैनी बढ़ गई। भाजपा गठबंधन प्रत्याशी राहुल प्रकाश ने 32 हजार मतों की मजबूत बढ़त हासिल कर ली थी। इसके बाद से सपा प्रत्याशी के समर्थक एवं एजेंट मतगणना स्थल से निकलने लगे। 30वें राउंड का परिणाम आने तक केवल भाजपा प्रत्याशी और उनके समर्थक मतगणना स्थल पर मौजूद रहे। राहुल प्रकाश को कुल एक लाख 425 और सपा प्रत्याशी कीर्ति कोल को 62 हजार 400 वोट मिले। बसपा प्रत्याशी धनेश्वर गौतम 32 हजार 145 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस के पूर्व विधायक भगवती चौधरी को केवल 3935 मत मिले।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)