प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured राजनीति

UP Election 2022: पहले चरण में नौ मंत्रियों की किस्मत का होगा फैसला

नई दिल्लीः उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को मंत्रियों समेत कई भाजपा नेताओं की किस्मत का फैसला होगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान होगा। योगी आदित्यनाथ सरकार में नौ मंत्रियों मथुरा से श्रीकांत शर्मा, गाजियाबाद से अतुल गर्ग, थाना भवन से सुरेश राणा, मुजफ्फरनगर से कपिलदेव अग्रवाल और अतरौली से संदीप सिंह की किस्मत का फैसला मतदाता करेंगे। अन्य मंत्रियों में छत्ता से लक्ष्मीनारायण चौधरी, शिकारपुर से अनिल शर्मा, आगरा कैंट से जीएस धर्मेश और हस्तिनापुर से दिनेश खटीक शामिल हैं। अन्य प्रमुख नाम आगरा ग्रामीण से उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, नोएडा से उत्तर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष पंकज सिंह और कैराना से मृगांका सिंह हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने पहले चरण में लगभग सभी विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। पांच साल पहले, भाजपा ने 58 में से 53 सीटें जीती थीं, जबकि बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के पास दो-दो सीटें थीं और राष्ट्रीय लोक दल ने एक सीट जीती थी। सत्तारूढ़ भाजपा का सीधा मुकाबला सपा और रालोद गठबंधन से है, जबकि कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में बसपा का प्रभाव भी है।

पहले चरण में सरकार ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा मथुरा शहर सीट से विधायक हैं। इस बार फिर वह चुनाव मैदान में हैं। इस बार उनकी लड़ाई रालोद-सपा के देवेन्द्र अग्रवाल कांग्रेस के प्रदीप माथुर और बसपा के एसके शर्मा से होगी। गाजियाबाद सीट से योगी कैबिनेट के मंत्री अतुल गर्ग चुनावी मैदान में हैं। उनके खिलाफ सपा-रालोद से विशाल वर्मा बसपा के कृष्ण कुमार और कांग्रेस के सुशांत गोयल मैदान में है। यूपी के गन्ना मंत्री सुरेश राणा शामली जिले के थाना भवन से भाजपा के उम्मीदवार है। उनके खिलाफ सपा-रालोद गठबंधन से अशरफ अली और बसपा के जहीर मलिक ताल ठोंक रहे है। पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कल्याण सिंह की विरासत को आगे बढ़ा रहे उनके पौत्र संदीप सिंह ने अतरौली विधानसभा सीट से मैदान में उनके खिलाफ सपा गठबंधन से वीरेश यादव बसपा से डाक्टर ओमवीर कांग्रेस से धर्मेंन्द्र कुमार चुनाव लड़ रहे है। भाजपा सरकार में डेयरी व पशुपालन मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण के खिलाफ रालोद के तेजपाल सिंह बसपा से सोनपाल सिंह और कांग्रेस से पूनम देवी मैदान में है। बुलन्दशहर की शिकारपुर विधानसभा सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता रहा है। इस सीट पर भाजपा ने पांच बार जीत दर्ज की है। इस सीट से वन एवं पर्यावरण मंत्री अनिल शर्मा बुलंदशहर जिले की शिकारपुर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में हैं। यहां पर सपा रालोद गठबंधन ने किरनपाल सिंह, बसपा ने मोम्मद रफीक और कांग्रेस ने जियाउर रहमान के अपना प्रत्याशी बनाया है। मुजफ्फरनगर से योगी सरकार में मंत्री कपिलदेव अग्रवाल के खिलाफ रालोद ने अजय, बसपा ने पुष्कर पाल और कांग्रेस ने सुबोध शर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है। योगी कैबिनेट में बाढ़ नियंत्रण राज्यमंत्री दिनेश खटीक मेरठ जिले की हस्तिनापुर विधानसभा से मैदान में है। उनके खिलाफ सपा ने योगेश वर्मा तो बसपा ने संजीव कुमार जाटव वहीं कांग्रेस ने अर्चना गौतम को मैदान में उतारा है। भाजपा सरकार में समाज कल्याण राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश सरकार के खिलाफ सपा कुंवर चंद बसपा ने भारतेंदु अरूण और सिंकदर वाल्मिकी को प्रत्याशी बनाया है।

ये भी पढ़ें..क्राइम थ्रिलर फिल्म से सीखा रंगदारी का तरीका, अपने ही प्रबंधक को बनाया शिकार

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हाई पिच अभियान में राजनीतिक दलों ने गन्ना, जिन्ना, 2013 के दंगों, राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति के साथ-साथ अन्य मुद्दों पर चर्चा की। भाजपा नेतृत्व ने कैराना और क्षेत्र से सामूहिक पलायन का मुद्दा बार-बार उठाया। ये 58 सीटें गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, शामली, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर और आगरा के 11 जिलों में फैली हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव फरवरी-मार्च में सात चरणों में 10 फरवरी से शुरू होंगे। मतगणना 10 मार्च को होगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)