देश Featured

30-31 जनवरी को पश्चिमी हिमालय में बारिश की संभावना, जानें IMD का ताजा अलर्ट

Western Himalaya Rain: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश की भविष्यवाणी की है। आईएमडी ने रविवार को कहा कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में तीन फरवरी तक बारिश होने की संभावना है और 30-31 जनवरी को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक, अगले दो दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान कड़ाके की ठंड भी जारी रहेगी। उसके बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ने अपने दैनिक बुलेटिन में कहा, "लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है, एक 30 जनवरी से और दूसरा 3 फरवरी से।"

इम राज्यों में बारिश व बर्फबारी की संभावना

आईएमडी ने कहा कि इसके प्रभाव से अगले सात दिनों के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम, छिटपुट से लेकर काफी व्यापक वर्षा/बर्फबारी होने की संभावना है। 30-31 जनवरी को कश्मीर में और 31 जनवरी को हिमाचल प्रदेश में छिटपुट बारिश/बर्फबारी की भी संभावना है। 31 जनवरी और 2 फरवरी के दौरान उत्तराखंड में हल्की/मध्यम छिटपुट बारिश/बर्फबारी और पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है।

मैदानी इलाकों में गिरा पारा

आईएमडी ने कहा कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब के कई हिस्सों और मध्य प्रदेश के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 6-9 डिग्री के बीच था। जबकि राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस के बीच है। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 3-6 डिग्री सेल्सियस नीचे है। जबकि हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल और उत्तरी छत्तीसगढ़ में तापमान 1-3 डिग्री सेल्सियस के बीच है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)