प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured हेल्थ

यूपी : चौबीस घंटे में कोरोना संक्रमण के 1,822 नये मामले, इतने मरीज हुए स्वस्थ

navneet sahgal

 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब घटकर 23,678 हो गई है। ये 17 सितम्बर को आए अभी तक के उच्चतम स्तर 68,235 से 44,557 कम है। बीते चौबीस घंटे में संक्रमण के 1,822 नये मामले सामने आए हैं। इसी दौरान 2,426 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए गए हैं।

अब तक कुल 4.51 लाख मरीज इलाज के बाद हुए स्वस्थ

अपर मुख्य सचिव, सूचना नवनीत सहगल ने शनिवार को बताया कि इसके साथ ही राज्य में अब तक कुल 4,51,070 मरीज इलाज के बाद पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। इस समय 1,844 मरीज निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। मरीजों के ठीक होने की बदौलत हॉटस्पॉट की संख्या में भी कमी दर्ज की गई है। राज्य में कल 9,376 हॉटस्पॉट थे,आज इनकी संख्या 132 कम हो गई है। वहीं प्रदेश में कल एक दिन में कुल 1,45,921 सैम्पल की जांच की गयी। वहीं प्रदेश में अब तक कुल 1,48,63,388 सैम्पल की जांच की गयी है।

2,167 लोगों ने एक दिन में किया ई-संजीवनी का प्रयोग

इसके साथ ही ई-संजीवनी पोर्टल का प्रदेश के लोग लगातार इस्तेमाल कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में इस पोर्टल का सबसे ज्यादा दैनिक उपयोग किया जा रहा है। इस पोर्टल से घर बैठे डॉक्टरों से सलाह ले सकते हैं। शुक्रवार को 2,167 लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया। अब तक कुल 1,76,000 लोग इस पोर्टल के जरिए चिकित्सीय लाभ ले चुके हैं।

यह भी पढ़ें-नकली घी बनाने और बेचने करने वाले गिरोह का पर्दाफ़ाश, एक गिरफ्तार

13.81 करोड़ लोगों के बीच पहुंची स्वास्थ्य टीमें

स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के बीच पहुंचकर सर्वेश्रण कर रही हैं। अभी तक 1,50,388 इलाकों में 4,39,850 टीम दिवस में 2,81,06,473 करोड़ घरों का सर्वेक्षण किया है। इसके तहत 13.81 करोड़ से अधिक लोगों की मेडिकल स्क्रीनिंग की गई है।