उन्नाव प्रकरणः आज दफनाया जाएगा बुआ-भतीजी का शव, गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात

66

लखनऊः उत्तर प्रदेश के उन्नाव जनपद में मृतक बुआ और भतीजी के शव को आज दफनाया जायेगा। इसके मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चैबंद रखा गया है। आईजी स्तर की महिला अधिकारी गांव में डेरा डाले हुए हैं। वहीं, कानपुर में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हुई युवती का हालचाल लेने के लिए मां और भाभी पहुंची। मृतक दोनों युवतियों का कड़ी सुरक्षा के बीच पोस्टमार्टम हुआ था। रिपोर्ट में दोनों के शरीर मे एक तरह का जहर मिला है। काफी देर हो जाने की वजह से शवों को दफनाया नहीं जा सका है।

यह भी कहा जा रहा है कि पिता ने मृतका के भाई को बुलाने की बात कही थी, तभी शवों को दफनाया जायेगा। इसके चलते जिलाधिकारी रविन्द्र ने शुक्रवार को शवों को दफनाए जाने की बात कही थी। पोस्टमार्टम हाउस से पीड़ित परिजन शवों को लेकर घर पहुंच गये हैं। गांव में पीड़ित परिवार के घर पर भारी संख्या में लोग मौजूद हैं। इस दौरान किसी भी प्रकार कोई अप्रिय घटना न हो। इसके मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। पीड़ित परिजनों के घर से 50 मीटर दूर से ही आम लोगों की एंट्री बन्द कर दी गयी है।

यह भी पढ़ें-अमेरिका ने लिया भारत का पक्ष , क्वाड बैठक से पहले…

लखनऊ की आईजी लक्ष्मी सिंह गांव में डेरा डाले हुए हैं। वहीं, जिलाधिकारी और एसपी लगातार मॉनिटिरिंग कर रहे हैं। कानपुर की रीजेंसी अस्पताल में तीसरी लड़की का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है। इस दौरान पीड़ित लड़की का हालचाल लेने के लिए मां और भाभी अस्पताल पहुंची हैं। भीम आर्मी के लोगों ने पीड़िता की मां से मुलाकात की है।