संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत में ऐलान, 18 फरवरी को देशभर में चार घंटे रोकी जाएंगी रेलगाड़ियां

0
62

पंजाबः किसान आंदोलन के अगले चरण में 18 फरवरी को किसान फिर से देश भर में चार घंटे के लिए रेल गाड़ियां रोकेंगे। पंजाब के जगराओं में संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत में किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने आंदोलन के अगले कार्यक्रम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आंदोलन चाहे जितना भी लम्बा चल जाये, परन्तु जब तक तीनों केंद्रीय कृषि कानून रद्द नहीं कर दिए जाते, आंदोलन जारी रहेगा।

जगराओं की अनाज मंडी में हुई यह किसान महापंचायत खराब मौसम के चलते एक घंटे देरी से शुरू हुई। इस किसान महापंचायत में हजारों की संख्या में किसान शामिल हुए। इसमें भारतीय किसान यूनियन उगराहां के अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह उगराहां, संयुक्त किसान मोर्चा के मंजीत सिंह धनेर, जम्हूरी किसान सभा के कुलवंत सिंह संधू, भाकियू लखोवाल के नेता हरिंदर सिंह लखोवाल शामिल हुए। महापंचायत को सम्बोधित करते हुए किसान नेता राजेवाल ने कहा कि केंद्र सरकार के साथ विभिन्न बैठकों में किसान नेताओं में तीनों कृषि कानूनों के एक एक क्लाज पर चर्चा की और बैठक में उपस्थित मंत्रियों ने माना कि हर क्लाज में त्रुटि है। मंत्रियों ने हर क्लाज में संशोधन की बात कही, परन्तु त्रुटिपूर्ण कानून को रद्द करने से इंकार किया। उन्होंने कहा कि वैसे भी केंद्र सरकार को कृषि को लेकर कानून बनाने की कोई कानूनी वैधता नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब में फसलों का बेहतरीन मंडीकरण है इसीलिए बिहार और उत्तरप्रदेश से भी हजारों क्विंटल धान पंजाब में बिकने के लिए आया।

यह भी पढ़ें-  एडीआर के विश्लेषण में खुलासा, नीतीश मंत्रिमंडल के 28 मंत्रियों की…

किसान नेता राजेवाल ने कॉर्पोरेट घरानों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि किसानों की भूमि पर कब्जा करने की तैयारी है और जो मॉडल विदेशों में असफल हो चुका है, केंद्र सरकार उस मॉडल को देश में लागू करना चाहती है। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन को एक झटका अवश्य लगा, परन्तु आंदोलन अब फिर से कायम है। आंदोलन के आगामी कार्यक्रम की बात करते हुए उन्होंने कहा कि 14 फरवरी को पुलवामा काण्ड की बरसी है, इसलिए इस दिन जवान और किसान देशभर में मोमबत्ती और मशाल मार्च निकालेंगे। 16 फरवरी को सर छोटू राम का जन्म दिवस है, उसे भी जोश से मनाया जायेगा जबकि 18 फरवरी को किसान देश भर में दोपहर 12 बजे से सायं चार बजे तक रेल गाड़ियां रोकेंगे।