अल्पदोहित अनाजों में पोषक तत्वों की होती है भरमार

0
57

कानपुर: अल्पदोहित अनाज और सब्जियां यानी जो गांवों में प्राकृतिक रुप से होती थीं। उनसे लोग अब दूर होते जा रहे हैं और नई पीढ़ी के युवा तो जानते भी नहीं हैं, जबकि इन अल्पदोहित अनाजों में पोषक तत्वों की भरमार होती है। गृह वैज्ञानिकों का यह प्रयास इस दिशा में सराहनीय कदम है और उम्मीद है कि इस तरह के कार्यक्रम से जागरुकता बढ़ेगी और लोग इसका प्रयोग करना शुरु करेंगे। यह बातें शनिवार को कृषि विज्ञान केंद्र कन्नौज के अध्यक्ष डॉ. वी के कनौजिया ने कही।

पोषण माह के समापन के अवसर पर चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्र दलीप नगर कानपुर व कन्नौज के संयुक्त तत्वाधान में कुपोषण निवारण हेतु अल्पदोहित अनाज, फल व सब्जियां विषय पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व कृषक महिलाओं के लिए ऑनलाइन पोषण कार्यशाला का आयोजन किया गया। ऑनलाइन कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य अल्पदोहित अनाज, फलों, सब्जियों के पोषक मूल्य व उनके प्रसंस्करण की तकनीकों से जनपद की ज्यादा से ज्यादा कार्यकत्रितों व कृषक महिलाओं को जागरुक करना था। मुख्य अतिथि समन्वयक प्रसार डॉ. अरविंद कुमार सिंह व विशिष्ट अतिथि आई.सी.ए. आर. अटारी कानपुर की प्रधान वैज्ञानिक डॉ. साधना पांडेय थी। बताया गया कि कंटोला एक स्वास्थ्यवर्धक भोजन है। इसमें प्रोटीन, एंटीऑक्सीडेंट और आयरन की भरपूर मात्रा होती है। गृह वैज्ञानिक डॉक्टर निमिषा अवस्थी ने अल्पदोहित विभिन्न सब्जियों की जैसे बथुआ, कुल्फा, चौलाई, नारी व सहजन के पोषक मूल्यों पर विस्तृत जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र कन्नौज की गृह वैज्ञानिक डॉ. पूनम सिंह ने कुपोषण निवारण हेतु मोटे अनाजों के बारे में विस्तृत चर्चा की।

गृह वैज्ञानिक डॉ चंद्रकला यादव ने अल्पदोहित फलों के पोषक मूल्यों पर जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र हरदोई द्वितीय की गृह वैज्ञानिक डॉ. अंजलि साहू ने अल्पदोहित अनाज फल सब्जियों के प्रसंस्करण के विषय पर चर्चा की। डॉ. रामप्रकाश अध्यक्ष केवीके कानपुर देहात ने कहा कि ऑनलाइन प्रशिक्षण का यह फायदा है कि हमारी पहुंच अपने जिले के अलावा अन्य जिलों में भी हो जाती है जबकि यह प्रशिक्षण जब ऑफलाइन किए जाते हैं तो वह एक जिले या एक गांव तक ही सीमित रहते हैं। मृदा वैज्ञानिक डॉ. अरविंद ने कहा कि इस तरह के फसलों में बहुत अधिक देखभाल की आवश्यकता नहीं होती है।