U19 Women’s World Cup: अंडर 19 विश्व कप में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को भारत- श्रीलंका के बीच खेले गए लो स्कोरिंग मैच में टीम इंडिया ने 60 रनों से जीत दर्ज की। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए भारत को सिर्फ 118 रनों पर रोक दिया। हालांकि, शबनम शकील और वीजे जोशीता के साथ अन्य गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और श्रीलंका को सिर्फ 58 रनों पर रोक दिया।
U19 Women’s World Cup: भारत की खराब शुरुआत
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने सिर्फ 17 के स्कोर पर दो विकेट खो दिए और टीम काफी दबाव में दिखी। हालांकि, त्रिशा ने 44 गेंदों में 49 रन बनाकर टीम के लिए सम्मानजनक स्कोर की नींव रखी। भले ही वह अर्धशतक से चूक गईं, लेकिन उनकी बदौलत ही भारत 100 रन का आंकड़ा पार कर पाया। त्रिशा के अलावा सिर्फ तीन बल्लेबाज ही दहाई के आंकड़े तक पहुंच पाईं।
शबनम-जोशिता की शानदार गेंदबाजी
जब श्रीलंकाई टीम 119 रन के स्कोर का पीछा करने उतरी तो शबनम और जोशिता ने शानदार गेंदबाजी की। अपने पहले ओवर की दूसरी गेंद पर विकेट चटकाकर शबनम ने भारतीय टीम की वापसी की नींव रखी। इसके बाद जोशिता ने भी अपने पहले ओवर में विकेट चटकाकर श्रीलंका को बैकफुट पर धकेल दिया।
ये भी पढ़ेंः- Ranji Trophy 2025: रणजी ट्रॉफी में भी नहीं दिखा रोहित का दम, यशस्वी-पंत भी हुए फेल
U19 Women’s World Cup: ताश के पत्तों की तरह बिखर गई श्रीलंका
यहां से श्रीलंकाई बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखरता नजर आया। 12 के स्कोर पर श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। यहां से भारतीय गेंदबाजों ने कभी दबाव कम नहीं होने दिया। लगातार गिरते विकेटों के बीच एक समय ऐसा भी आया जब श्रीलंकाई बल्लेबाज किसी भी तरह 20 ओवर तक खेलने की कोशिश कर रहे थे। भारत की तरफ से शबनम, जोशिता और परुनिका सिसोदिया ने दो-दो विकेट चटकाए।