प्रदेश मध्य प्रदेश

Ujjain: धूमधाम से निकली भगवान महाकाल की सवारी, CM ने की पूजा

  उज्जैन: श्रावण के तीसरे सोमवार को भगवान महाकालेश्वर की तीसरी सवारी धूमधाम से निकाली जाती है। सवारी रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ भगवान चंद्रमौलेश्वर की विधि-विधान से पूजा की और सवारी को आगे बढ़ाया। इसके बाद मुख्यमंत्री चौहान सपरिवार सवारी में शामिल हुए। उज्जैन के राजा महाकाल पालकी में सवार होकर प्रजा का हाल जानने निकले।

पुष्पवर्षा कर बाबा महाकाल का स्वागत

इस दौरान बाबा महाकाल ने शिव तांडव रूप में भक्तों को दर्शन दिए। सवारी में भगवान महाकाल चांदी की पालकी में चंद्रमौलेश्वर और हाथी पर मनमहेश के रूप में शामिल हुए। सवारी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बाबा महाकाल का स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री चौहान के परिवार के साथ मंत्री मोहन यादव और महापौर मुकेश टटवाल भी मौजूद थे।

लगे जय महाकाल के नारे

इससे पहले सीएम शिवराज सिंह ने बाबा महाकाल के दर्शन कर अभिषेक किया। इसके बाद बाबा की पालकी की पूजा की। सवारी सवारी सभा मंडप से होते हुए महाकाल चौराहा, गुदरी चौराहा, रामानुजकोट होते हुए रामघाट पहुंची। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उनकी पत्नी साधना सिंह और दोनों बेटे सवारी मार्ग पर सवारी के साथ पैदल रामघाट पहुंचे। रास्ते में अन्य श्रद्धालुओं के साथ मुख्यमंत्री भी शिव की भक्ति में लीन दिखे। उन्होंने झांझ-मजीरा बजाते हुए भजन मंडलियों के साथ जय महाकाल के नारे लगाए। यह भी पढ़ेंः-मुंबई समेत महाराष्ट्र के 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, जानें IMD का ताजा अपडेट मुख्यमंत्री चौहान ने बाबा महाकाल की पालकी के दर्शन के लिए सड़क पर बड़ी संख्या में खड़े दर्शनार्थियों और सड़क किनारे बने मकानों में रहने वाले स्थाई निवासियों का अभिवादन किया। शाम करीब साढ़े पांच बजे बाबा महाकाल की पालकी रामघाट पहुंची। यहां भगवान चंद्रमौलेश्वर का मां शिप्रा के जल से अभिषेक किया गया और उसके बाद पूजा-अर्चना की गई। रामघाट पर पूजा-अर्चना के बाद सवारी अपने निर्धारित मार्ग से महाकाल मंदिर के लिए रवाना हुई। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)