27 फीसदी गिरी दोपहिया वाहनों की बिक्री, ये है बड़ा कारण

77

नई दिल्लीः सेमीकंडक्टर की कमी झेल रहे वाहन उद्योग पर यूक्रेन-रूस संकट का असर दिखने लगा है। फरवरी, 2022 में वाहनों की आपूर्ति जहां 23 फीसदी घटी है। दोपहिया वाहनों की बिक्री 27 फीसदी गिरी है, जबकि यात्री वाहनों की 6 फीसदी घटी है।

वाहन विनिर्माताओं के संगठन सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने शुक्रवार को कहा कि सेमीकंडक्टर की कमी, नए नियमों के लागू होने और वाहनों की कीमतों में वृद्धि से फरवरी में वाहनों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इससे कारखानों से डीलरों को गाड़ियों की आपूर्ति फरवरी 2022 में 23 फीसदी घटी है। सियाम ने कहा कि फरवरी 2022 में कुल यात्री वाहनों, दो पहिया वाहनों और तीन पहिया वाहनों की थोक बिक्री 13,28,027 इकाई रह गई है, जो पिछले वर्ष इसी महीने की 17,35,909 इकाई के मुकाबले 23 फीसदी कम है।

सियाम के मुताबिक फरवरी 2022 में यात्री वाहनों की कुल आपूर्ति 6 फीसदी घटकर 2,62,984 इकाई रह गई, जो पिछले वर्ष इसी महीने में 2,81,380 इकाई थी। इसी तरह यात्री कारों की थोक बिक्री पिछले महीने 1,33,572 इकाई रही है, जो फरवरी 2021 में 1,55,128 इकाई थी। हालांकि, यूटिलिटी वाहनों की बिक्री फरवरी 2021 की 1,14,350 इकाइयों की तुलना में पिछले महीने बढ़कर 1,20,122 इकाई हो गई है। पिछले महीने वैन की 9,290 इकाईयां बिकी है, जो फरवरी 2021 की 11,902 इकाइयों की तुलना में कम है।

वाहन उद्योग के निकाय ने कहा कि इसी तरह दो पहिया वाहनों की थोक बिक्री पिछले महीने 27 फीसदी घटकर 10,37,994 इकाई रह गई, जो एक वर्ष पहले 14,26,865 इकाई थी। तीन पहिया वाहनों की थोक बिक्री पिछले महीने मामूली रूप से घटकर 27,039 इकाई रह गई जो पिछले वर्ष समान अवधि में 27,656 थी। सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा कि सेमीकंडक्टर की कमी जैसी आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियों और नये नियमों के कारण वाहन उद्योग की बिक्री प्रभावित हुई है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)