Featured दुनिया

नाइजीरिया में फिर चलेगा ट्विटर, शर्तें मानने पर हटाया गया प्रतिबंध

अबूजाः नाइजीरिया में सात माह बाद अब लोग ट्वीट कर सकेंगे। सोशल नेटवर्किंग साइट पर वहां लगा प्रतिबंध हटा लिया गया है। नाइजीरिया प्रशासन का कहना है कि ट्विटर द्वारा सरकार की तमाम शर्तें मानने के बाद प्रतिबंध हटाया गया है। बीते वर्ष जून में ट्विटर ने एक ट्वीट के बाद नाइजीरिया के राष्ट्रपति मोहम्मदु बुहारी के ट्विटर एकाउंट को डिलीट कर दिया था। इसके बाद 4 जून, 2021 को नाइजीरिया सरकार ने देश के नियम कानून तोड़ने का आरोप लगाते हुए ट्विटर पर पाबंदी लगा दी थी।

नाइजीरिया में ट्विटर के बीस करोड़ प्रयोक्ता तब से इस सोशल नेटवर्किंग साइट से दूर थे। सात महीने बाद नाइजीरिया में फिर से ट्विटर की शुरुआत को हरी झंडी मिली है। नाइजीरिया की सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी के महानिदेशक काशीफू इनुवा अब्दुल्लाही ने कहा कि ट्विटर द्वारा नाइजीरिया में एक कार्यालय खोलने सहित सरकार की तमाम शर्तें मानने के बाद ट्विटर को पुनः संचालन की अनुमति दी गयी है।

यह भी पढ़ें-टीकाकरण में यूपी ने बनाया नया कीर्तिमान, 14 करोड़ लोगों ने लगवाई पहली डोज

उन्होंने कहा कि हमारी कार्रवाई कंपनी के उचित हितों को खतरे में डाले बिना देश के लिए अधिकतम पारस्परिक लाभ प्राप्त करने को लेकर ट्विटर के साथ हमारे संबंधों को फिर से जांचने का एक प्रयास है। इसके लिए हमारी बातचीत बहुत सम्मानजनक, सौहार्दपूर्ण और सफल रही है। ट्विटर ने 2022 की पहली तिमाही के दौरान नाइजीरिया में पंजीकरण कराने, देश के लिए अधिकृत प्रतिनिधि नियुक्त करने, नाइजीरिया के कर कानूनों का पालन करने तथा अन्य कानूनों व राष्ट्रीय संस्कृति की सम्मानजनक स्वीकृति के साथ काम करने की शर्तें स्वीकार की हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)