तृणमूल नेता का भाजपा पर तंज, पेट्रोल सस्ता मिले तो जय श्रीराम कहने को हूं तैयार

0
21

कोलकाताः पेट्रोलियम मूल्य वृद्धि के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रही तृणमूल कांग्रेस इस मुद्दे पर केंद्र के खिलाफ आक्रामक तेवर दिखा रही है। रविवार को तृणमूल प्रवक्ता कुणाल घोष ने पेट्रोलियम मूल्य वृद्धि को भगवान राम से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि यदि पेट्रोल सस्ता मिले तो जय श्री राम कहने को भी तैयार हूं।

सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा रविवार को कोलकाता के कांकुडगाछी में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। वहां कुणाल घोष के अलावा मंत्री साधन पांडेय व अन्य नेता मौजूद थे। तभी कुणाल घोष अचानक सभा स्थल के नजदीक पेट्रोल पंप पर गए। वहां जाकर उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, “मैं हिंदू हूं, मैं जय श्रीराम कहने को राजी हूं, क्या पेट्रोल थोड़ा सस्ता मिलेगा?” यह सुन कर पम्प कर्मी अचंभित हो गए। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि पेट्रोल की कीमत सबके लिए समान है।

यह भी पढ़ेंः-यूपी के बड़े धार्मिक नगरों में मानव बम बनकर ब्लास्ट करने की थी तैयारी, पाकिस्तान से हो रहे थे हैंडल

भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर निशाना साधते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद कुणाल ने कहा कि जिन लोगों ने भाजपा को वोट दिया, उन्हें जय श्रीराम कहने पर भी सस्ता पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस नहीं मिलेगी। भाजपा हमेशा लोगों को बरगलाती है। एनआरसी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा का कहना है कि वह मतुआ को नागरिकता देगी। इसका मतलब है कि मतुआ समुदाय के लोग वर्तमान में नागरिक नहीं हैं। अगर ऐसा है तो शांतनु ठाकुर को मंत्रालय कैसे मिला। कुणाल घोष कहा कि भाजपा केवल भ्रम फैला रही है।