किसानों की आमदनी बढ़ाने को कृषि के विविधीकरण पर ध्यान देना जरूरीः योगी

180

लखनऊः राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजभवन में प्रादेशिक फल, शाक-भाजी तथा पुष्प प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने उद्घाटन समारोह में विभिन्न स्टॉल का जायजा लिया। इस प्रदर्शनी में प्रदेश के हर जिले के प्रख्यात फल, सब्जी तथा पुष्प को रखा गया है। तीन दिवसीय यह प्रदर्शनी जनता के लिए भी खोली गई है। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब मैं पहली बार यहां आया था, तो किसानों ने अपने कौशल के अनुसार प्रदर्शन किया था। अब वे जैविक उत्पादों से जुड़े हुए हैं। किसानों की आमदनी को दोगुना करने और लागत का डेढ़ गुना दाम देने के लिए लागत को कम करके उत्पादन को बढ़ाना और कृषि के विविधीकरण की ओर ध्यान देना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसान बेहद मेहनती हैं। उन्होंने कोरोना काल के दौरान भी मेहनत में कोई कमी नहीं की। किसानों की मेहनत से आज देश और प्रदेश में अनाज का प्रचुर भण्डार मौजूद है। प्रधानमंत्री के ‘आत्म निर्भर भारत’ अभियान में किसान अपना भरपूर योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान प्रदेश में 119 चीनी मिलों का संचालन किया गया। गन्ना किसानों की मेहनत से आज भारत प्रचुर मात्रा में चीनी का निर्यात कर रहा है। इसमें उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों का भी बड़ा योगदान है। इस प्रदर्शनी में शहद, फल संरक्षित पदार्थ, पॉलीहाउस में उत्पादित पुष्प एवं सब्जियों, महिलाओं, मालियों तथा बच्चों द्वारा की गयी कलात्मक पुष्प सज्जा, रंगोली, वर्टिकल गार्डन, गमलों का कलात्मक समूह और गमलों में लगी शाकभाजी का प्रदर्शन बेहद आकर्षक ढंग से किया गया है। प्रदेशस्तरीय यह प्रदर्शनी उत्तर भारत की एक महत्वपूर्ण फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी है। इस प्रदर्शनी में गमलों में लगे सदाबहार पत्ती वाले, फूल वाले तथा अन्य गमलों के पौधों, सिनरेरिया व अन्य मौसमी फूलों वाले गमलों का कलात्मक समूह, गमलों में लगी वोगेनवेलिया, वर्टिकल गार्डेन, गमलों में लगी शाकभाजी, गमलों में लगे गुलाब, डहेलिया, औषधीय-सगंध पौधे, कैक्टस, सकुलन्ट्स, बोनसाई, औषधीय पौधे, विभिन्न किस्म की शाकभाजी, फल, यूरोपियन शाकभाजी, पॉलीहाउस में उत्पादित पुष्प, मशरूम, शहद, पान के पत्ते, फल संरक्षित पदार्थ, गुलाब के कटे फूल, फूलों से बनी आकृतियों, मालियों महिलाओं व बच्चों द्वारा प्रदर्शित कलात्मक पुष्प सज्जा, रंगोली, निर्यात वाले प्रमुख पुष्प एवं फोटोग्राफी आदि वर्गों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

यह भी पढ़ें-यह कोई पहला मौका नही जब नीतीश के साथ आये हों…

प्रदर्शनी स्थल की स्वच्छता के लिए पर्याप्त संख्या में कूड़ादान तथा अच्छी गुणवत्ता के हाइजेनिक प्रसाधन की व्यवस्था की गई है। राज्यपाल 8 फरवरी को अपराह्न चार बजे सर्वाधिक पुरस्कार विजेता व सर्वश्रेष्ठ विजेता एवं समस्त वर्गों के विजेताओं, महिलाओं व बच्चों तथा प्रदेश के जेल विभाग से आये विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित करेंगी। प्रदर्शनी स्थल पर आने वाले आगंतुकों और प्रतिभागियों को कोरोना प्रोटोकाल के नियमों का पालन करना जरूरी है। प्रदर्शनी में स्कूल छात्रों का प्रवेश निःशुल्क है तथा अन्य सभी के लिए पांच रुपये का प्रवेश शुल्क रखा गया है।