प्रदेश

Presidential election: झारखंड विधानसभा में मतदान जारी, विधायक अनंत ओझा ने डाला पहला वोट

रांची : राष्ट्रपति पद के चुनाव में सोमवार को झारखंड विधानसभा में भी मतदान हो रहा है। झारखंड (Jharkhand) के पहले मतदाता के तौर पर भाजपा विधायक अनंत ओझा ने वोट डाला। इनके बाद भाजपा विधायक नवीन जायसवाल और भानु प्रताप शाही ने वोट डाला। वोट डालने के बाद विधायक अनंत ओझा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मुझे सौभाग्य मिला कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक संस्था के लिए अपना मताधिकार का प्रयोग किया। राष्ट्रपति चुनाव में मतदान के लिए एनडीए के विधायक बस में सवार होकर झारखंड (Jharkhand) विधानसभा पहुंचे। सभी विधायक नीलकंठ मुंडा के आवास से निकलकर बस में सवार हुए और विधानसभा पहुंचे। सारठ विधायक रणधीर सिंह ने विक्ट्री साइन दिखाते हुए बस से उतरे। सीपी सिंह भी जीत को लेकर आश्वस्त दिखे।

विधानसभा पहुंच कर विरंची नारायण ने वोट डाला और कहा कि कांग्रेस के आदिवासी विधायक भी अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनेंगे और राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार पहली आदिवासी महिला के पक्ष में वोट करेंगे। विरंची नारायण ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू ऐतिहासिक आंकड़ों के साथ जीत हासिल करेंगी। साथ ही कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में झारखंड के 80 में से 65 विधायक वोट करेंगे।

ये भी पढ़ें..राष्ट्रपति चुनाव के लिए सीएम योगी ने किया मतदान, प्रभु श्रीराम...

भाजपा के फैसले से विपक्ष भी सहमत -

भाजपा विधायक बाबूलाल मरांडी ने मताधिकार का प्रयोग किया और विक्ट्री साइन दिखाया। उन्होंने कहा कि देश के लिए गर्व की बात है कि एक आदिवासी महिला देश के प्रथम संवैधानिक पद पर बैठने जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से विपक्ष के कई सहयोगी द्रोपदी मुर्मू के समर्थन में आये हैं, उससे पता चलता है कि भाजपा के फैसले से विपक्ष भी सहमत है।

महिला को उम्मीदवार बनाने पर प्रधानमंत्री का आभार -

भाजपा की महिला विधायक नीरा यादव और अर्पण सेन गुप्ता ने भी मतदान किया। दोनों महिला विधायकों ने एक महिला को राष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। नीरा यादव ने कहा कि एक महिला को देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचाने की क्षमता केवल भाजपा के पास ही है। यह बड़े गर्व की बात है। झारखंड की राज्यपाल रह चुकीं द्रौपदी मुर्मू ने कभी भी कार्यकाल में पक्ष विपक्ष के बीच भेदभाव नहीं किया। भाजपा विधायक सीपी सिंह ने मतदान करने के बाद कहा कि एनडीए प्रत्याशी द्रोपदी मुर्मू की जीत पक्की है। आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने भी मतदान किया।

राष्ट्रपति चुनाव के वोटिंग के लिए झारखंड विधानसभा में मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां शाम पांच बजे तक वोटिंग होगी। विधानसभा स्थित गेट नंबर चार से विधायकों के मतदान के लिए प्रवेश करने की व्यवस्था की गई है। प्रवेश करने के बाद प्रतीक्षा कक्ष में विधायक अपनी बारी आने की प्रतीक्षा करेंगे। मतदान केन्द्र के अंदर एक बार में एक ही वोटर जायेंगे। मतदान के केंद्र के अंदर मोबाइल या कैमरा ले जाने पर पाबंदी है। इसके अलावे बैलेट पेपर पर कलम से सही या गलत का क्रास नहीं करना है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…