जश्न-ए-आजादीः इस बार विक्टोरिया मेमोरियल पर फहरायेगा 7500 वर्ग फुट का तिरंगा, 70 किलो है वजन

0
85

कोलकाता: देशभर में 75वां स्वतंत्रता दिवस मनाने की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इसी कड़ी में इस बार कोलकाता के ऐतिहासिक विक्टोरिया मेमोरियल में 70 किलो वजन और 7500 वर्ग फुट के तिरंगा को फहराया जाएगा।

मेमोरियल के क्यूरेटर जयंत सेन गुप्ता ने बताया कि इस बार विक्टोरिया मेमोरियल में यादगार तरीके से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार 70 किलो वजन के राष्टीय ध्वज को फहराया जायेगा। यह तिरंगा 7500 वर्ग फुट का होगा और इस मेमोरियल की प्राचीर पर फहराया जाएगा। इसके लिए मेमोरियल के साथ दो और संस्थानों ने सहयोग के लिए हाथ मिलाया है। इस कार्य में भारत पर्यटन कोलकाता और हिमालय पर्वतारोहण संस्थानए दार्जिलिंग सहयोग कर रहे हैं। सेन ने बताया कि विक्टोरिया मेमोरियल की उत्तर की तरफ से छत पर तिरंगे को फहराया जाएगा। उन्होंने बताया कि आजादी की 75वीं साल शुरू होने के उपलक्ष्य में 750 पौधे भी लगाए जाएंगे।

सेन ने बताया कि इस तिरंगे को दार्जिलिंग स्थित हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टिट्यूट ने बनाया है। तिरंगे का वजन बहुत ज्यादा है और इसकी लंबाई चौड़ाई भी काफी अधिक होगी। इसलिए फहराते समय राष्ट्रीय ध्वज को जमीन पर पड़ने से रोकने के लिए नई तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। फहरने के बाद ध्वज जमीन से कम से कम 20 फीट ऊंचा रहेगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी।

यह भी पढ़ेंः-स्वतंत्रता दिवस के दिन उत्कृष्ट कार्य करने वाले 98 जेल पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित

पूर्व संध्या पर राज्यपाल धनखड़ करेंगे ध्वज का अनावरण

राज्यपाल जगदीप धनखड़ स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर विशेष तिरंगे का अनावरण करेंगे। इससे पहले नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती क मौके पर विक्टोरिया मेमोरियल में डिजिटल जरिए से तिरंगा फहराया गया था, जो काफी चर्चित रहा था। इतने विशाल आकार के राष्ट्रीय ध्वज को फहराने की तैयारियों पर पूरे देश की नजर टिकी हुई है। निश्चित तौर पर 15 अगस्त को जब दिल्ली के लालकिला की प्राचीर पर तिरंगा लहराएगा, तब कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल पर फहरने वाले इस ध्वज पर भी देश की निगाहें लगी रहेंगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)