Featured मनोरंजन

Gandhi Jayanti: बड़े पर्दे पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन व संघर्ष की झलक दिखाती हैं ये फिल्में

मुंबईः पूरे विश्व को अहिंसा की राह दिखाने वाले मोहनदास करमचंद गांधी को उनके जन्मदिन यानि 2 अक्टूबर के दिन पूरा भारत याद करता है और इस दिन को गांधी जयंती के रूप में मनाता है। हर व्यक्ति बापू के जीवन से जुड़ी हर छोटी से छोटी बात जानना चाहता है और लोगों की इसी चाहत को पूरा करने में बॉलीवुड ने अपना किरदार बखूबी निभाया है। बॉलीवुड में अब तक गांधीजी के ऊपर कई फिल्में बन चुकी हैं। आज हम अपने पाठकों को बता रहे हैं गांधीजी के ऊपर बनी कुछ ऐसी ही फिल्मों के बारे में।

गांधी(1982)- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन पर बनी फिल्म ‘गांधी’ एक अंग्रेजी भाषी बायोग्राफिक ड्रामा फिल्म थी, ये फिल्म 30 नवंबर 1982 में रिलीज हुई थी। गांधी की जिंदगी पर बनी इस फिल्म का निर्देशन रिचर्ड एटनबोरो ने किया था। इस फिल्म में गांधी जी का किरदार हॉलीवुड अभिनेता बेन किंस्ले ने निभाया था। इस फिल्म को दर्शकों के बीच काफी पसंद किया गया था और इस शानदार फिल्म को ऑस्कर अवॉर्ड भी मिल चुका है।

द मेकिंग ऑफ महात्मा (1996)- श्याम बेनेगल निर्देशित 1996 में आई फिल्म द मेकिंग ऑफ महात्मा को भी दर्शकों ने काफी पसंद किया। गांधी जी के जीवन पर बनी इस फिल्म को फातिमा मीर की किताब ‘द अप्रेंटिसशिप ऑफ ए महात्मा’ पर बनाया गया था। इस फिल्म में गांधी जी का किरदार रजित कपूर ने निभाया था और फिल्म में उन्हें उनके शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रष्ठ अभिनेता का राष्ट्र्रीय पुरस्कार मिला।

हे राम(2000)- कमल हासन निर्देशित साल 2000 में आई फिल्म गांधी में भारत के विभाजन और महात्मा गांधी की हत्या को दिखाया गया है। फिल्म में शाहरुख खान, ओम पुरी, रानी मुखर्जी और हेमा मालिनी जैसे दिग्गज कलाकार नजर आए थे। इस फिल्म में गांधी का किरदार नसीरुद्दीन शाह ने निभाया था।

ये भी पढ़ें..Lucknow: 8 अक्टूबर से होगा भारतीय रोड कांग्रेस का 81वां अधिवेशन,...

मैंने गांधी को नहीं मारा (2005)- साल 2005 में आई जन्हू बरुआ निदेशित फिल्म मैंने गांधी को नहीं मारा में इस फिल्म में अनुपम खेर ने अपने जबरदस्त अभिनय की हर किसी ने सराहना की। फिल्म को बेस्ट एक्ट्रेस, स्पेशल जूरी अवार्ड, और नेशनल फिल्म अवार्ड से समेत कई पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है।

गांधी माई फादर (2007)- गांधी जी के पारिवारिक रिश्तों पर बनी फिल्म ‘गांधीः माई फादर’ को फिरोज खान ने निर्देशित किया था। फिल्म में गांधी जी और उनके बड़े बेटे हरिलाल गांधी के रिश्ते को दिखाया है। इस फिल्म में गांधी के बेटे की भूमिका अक्षय खन्ना ने निभाई थी। इसके अलावा गांधी टू हिटलर, गांधी, लगे रहो मुन्नाभाई आदि कई ऐसी फिल्में बनी जो गांधी जी के आदर्शों और विचारों से प्रेरित हैं।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…