अभी नहीं मिलेगी बारिश से राहत, हवाओं की बदली दिशाओं ने बढ़ाई चिंता, अलर्ट जारी

0
20
rain
rain

कानपुर: मानसून की देश के कई हिस्सों से भले ही विदाई हो चुकी हो, लेकिन मौसम का ऐसा मिजाज बदला कि उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में मानसून सक्रिय हो गया है। यूपी, उत्तराखण्ड और हिमांचल प्रदेश में दशहरा के दिन भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी दो दिन और बारिश का क्रम बरकरार रहेगा। इसके पीछे हवाओं की बदली दिशाओं और चक्रवातों का बनना कारण माना गया है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने गुरुवार को बताया कि आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों पर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बन गया है। एक ट्रफ रेखा आंध्र प्रदेश पर बने अन्य चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश होते हुए उत्तराखंड तक फैली हुई है। चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है। ऐसे में अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा और कहीं पर मध्यम तो कहीं पर भारी बारिश के आसार बने हुए हैं। खासकर उत्तर प्रदेश के गंगीय क्षेत्र में तेज बारिश की सम्भावना है।

बताया कि बारिश और हवाओं के चलने से तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस गिर गया और अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट आई और 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे लोगों को रात में हल्की सर्दी महसूस होने लगी। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 98 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 93 प्रतिशत दर्ज की गई। हवाओं की दिशाएं दक्षिण पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 3.8 किमी प्रति घंटा रही। बारिश कुल 55 मिमी मौसम विभाग में दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों में मध्यम से घने बादल छाए रहने के कारण मध्यम से भारी बारिश होने की सम्भावना है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)