चैत्र नवरात्रिः स्कंद माता और विशालाक्षी गौरी के दरबार में लगी आस्था की कतार

0
127

वाराणसीः चैत्र नवरात्र के पांचवें दिन बुधवार को श्रद्धालुओं ने जैतपुरा स्थित बागेश्वरी देवी (स्कंद माता) और मीरघाट स्थित विशालाक्षी गौरी के दरबार में जीवन में सुख शान्ति, वंश में वृद्धि के लिए हाजिरी लगाई। नव दुर्गा और गौरी स्वरूप के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालु भोर से ही दरबार में पहुंचने लगे। दोनों मंदिरों में मंगला आरती के पहले ही श्रद्धालु कतारबद्ध होकर पट खुलने का इंतजार करने लगे। जैतपुरा स्थित स्कंदमाता के विग्रह को पंचामृत स्नान कराया गया। इसके बाद माता रानी के विग्रह को नये वस्त्र पहना कर गुलाब, गुड़हल, बेला आदि पुष्पों से विधिवत श्रृंगार किया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन कर, भोग आरती के बाद मंदिर का पट आम लोगों के लिए खोला गया। बागेश्वरी माता को विद्या की देवी माना जाता है। यहां नवरात्र में श्रद्धालुओं के अलावा बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी दर्शन-पूजन के लिए आते हैं।

माना जाता है कि माता रानी भक्तों की मुराद पूरी करती हैं। मंदिर के पुजारी ने कहा कि माता मानव समाज की रक्षा करती हैं। भक्तों की सच्चे हृदय से की गई मनोकामना पूर्ण करती हैं। भगवान स्कंद की माता होने के कारण मां के इस स्वरूप को स्कंदमाता नाम से जाना जाता है। मां कमल के आसन पर विराजमान हैं। भगवान स्कंद मां के विग्रह में बालरूप में गोद में बैठे हैं। भगवान स्कंद देवासुर संग्राम में देवताओं के सेनापति बने थे। पुराणों में इन्हें कुमार और शक्ति कहकर इनकी महिमा का वर्णन किया गया है। स्कंदमाता की उपासना से बालरूप स्कंद भगवान की उपासना भी स्वमेव हो जाती है। सूर्यमंडल की अधिष्ठात्री देवी होने के कारण मां की उपासना से अलौकिक तेज एवं कांति की प्राप्ति होती है। उधर, गौरी स्वरूप में मीरघाट स्थित विशालाक्षी मंदिर में भी दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालु गलियों के रास्ते पहुंचे और विधि विधान से दर्शन पूजन किया।

ये भी पढ़ें..दर्दनाकः कार से टकराने के बाद ट्रक की चपेट में आई…

51 शक्तिपीठों में से एक हैं विशालाक्षी देवी मंदिर
काशी में ऐसी मान्यता है कि देवी विशालाक्षी के दर्शन से जन्म-जन्मांतर के पाप धुल जाते हैं। देवी को कमल के पुष्प अति प्रिय हैं। काशी के नवशक्ति पीठों में मां विशालाक्षी का महत्वपूर्ण स्थान है। मान्यता के अनुसार इस स्थान पर मां सती का कर्ण-कुंडल और उनका एक अंग गिरा था। जिससे इस स्थान की महिमा और महात्म्य दोनों है। विशाल नेत्रों वाली मां विशालाक्षी का यह स्थान मां सती के 51 शक्ति पीठों में से एक है। इनका महत्व कांची की मां (कृपा दृष्टा) कामाक्षी और मदुरै की (मत्स्य नेत्री) मीनाक्षी के समान है। शास्त्रों के अनुसार काशी के कर्ता-धर्ता बाबा विश्वनाथ स्वयं मां विशालाक्षी के मंदिर में विश्राम करते हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)