Featured दुनिया

यूक्रेन के प्रेसीडेंट ने 6 दिन 6 हजार रूसी सैनिकों को मार गिराने का किया दावा

कीवः यूक्रेन पर रूस के हमले के सातवें दिन यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने यूक्रेन की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि यूक्रेन की सेना ने छह दिन में छह हजार से ज्यादा रूसी सैनिकों को मार गिराया है। रूस के हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की लगातार डटे हुए हैं। हमले के सातवें दिन बुधवार को उन्होंने कहा कि रूस चाहे जितनी कोशिश कर ले, वह यूक्रेन पर बम और हवाई हमलों के जरिये कब्जा नहीं कर पाएगा। छह दिन में छह हजार रूसी सैनिक मारे जा चुके हैं।

बाबिनयार पर रूस के हमले का जिक्र करते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि यहां किया गया हमला साबित करता है कि रूस में कई लोगों के लिए हमारा कीव बिल्कुल विदेशी हिस्से की तरह है। उन्होंने कहा, इन लोगों को कीव के बारे में कुछ भी नहीं मालूम है। इन्हें हमारे इतिहास की जानकारी नहीं है। इन लोगों को सिर्फ आदेश है कि ये हमारे इतिहास, हमारे देश और हम सब को मिटाएं, किन्तु ये ऐसा नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें जनता पर भरोसा है। हॉलीवुड स्टार्स से लेकर राजनीतिकों तक पूरी दुनिया यूक्रेन के लोगों की प्रशंसा कर रही है। आज यूक्रेनी लोग अजेयता के प्रतीक बन गए हैं। वह प्रतीक जिससे किसी भी देश के लोग किसी भी पल धरती पर सबसे अच्छे लोग बन जाते हैं।

ये भी पढ़ें..पीएम मोदी ने किया आश्वस्त, बोले-यूक्रेन से नागरिकों की वापसी को...

रूस के नुकसान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, संख्या के बारे में सोचिये। कम से कम छह हजार रूसी मारे जा चुके हैं, वह भी यूक्रेन को पाने के लिए, जो असंभव है। हम अपनी जमीन पर हैं और मिसाइलों, बमों, टैंकों और हवाई हमलों से कुछ भी नहीं बदलेगा। इस बीच यूक्रेन की सेना ने 2 मार्च की सुबह 9 बजे तक रूसी सेना के नुकसान के आंकड़े जारी किए हैं। उसमें 5840 सैनिकों की मौत का दावा किया गया है। साथ ही 30 हवाई जहाज, 31 हेलीकाप्टर और 211 टैंक उड़ाने का दावा भी किया गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)