लगातार बदल रहा मौसम का मिजाज, अब गुलाबी सर्दी का होगा आगाज

144

लखनऊः मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। अब पश्चिमी विक्षोभ का असर कम हो रहा है और बारिश की संम्भावना न के बराबर है। हालांकि अभी एक सप्ताह तक शीतलहर और गलन बरकरार रहेगी। इसके बाद मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलेगा और गुलाबी सर्दी लोग महसूस कर सकेंगे। चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि रविवार को सुबह कोहरा छाया रहा।

इसके बाद धूप खिली तो आसमान साफ हो गया। इसके पीछे फरवरी माह में आए पश्चिमी विक्षोभ का असर अब कमजोर होना है। हालांकि दो नये पश्चिमी विक्षोभ हिमालय की ओर बढ़ रहे हैं जिसका असर सोमवार से देखने को मिल सकता है। इस दौरान पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ बारिश भी हो सकती है। जिससे मैदानी क्षेत्रों में अभी गलन और शीतलहर बरकरार रहेगी और नदियों के क्षेत्रों में कोहरा बना रहेगा। लेकिन यह कोहरा दिन में अधिक देर तक नहीं टिक पाएगा और धूप निकलती रहेगी।

ये भी पढ़ें..J&K : आतंकी हमले में दो पुलिसकर्मी शहीद, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

इससे दिन का तापमान लगभग सामान्य हो जाएगा और रात के तापमान में गिरावट होगी। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 94 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 55 फीसदी दर्ज की गई। हवा की दिशाएं उत्तर पूर्वी हैं, जिनकी रफ्तार औसतन 3.1 किमी प्रति घंटा रही। इस सप्ताह मध्य उत्तर प्रदेश के ब्लॉक एवं जिला स्तर पर आसमान साफ से रहने के कारण वर्षा की कोई सम्भावना नहीं है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)