Home उत्तर प्रदेश सूरज का चढ़ा पारा, आम आदमी गर्मी से हारा, राहत की अभी...

सूरज का चढ़ा पारा, आम आदमी गर्मी से हारा, राहत की अभी उम्मीद नहीं

कानपुरः नौतपा के दिन बीत जाने के बाद भी सूरज के तेवर बरकरार हैं। इससे लगातार पारा बढ़ रहा है और लू का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पारे की बढ़ोत्तरी और आर्द्रता की कमी से लोगों को भीषण लू का सामना करना पड़ रहा है। मौसम में शुष्कता के साथ ही तापमान में बढ़ोत्तरी होती जा रही है। इससे लोगों की परेशानियां बढ़ गयी हैं। सुबह से ही तापमान चढ़ जाने से घर में रहने वाले लोग भी पसीने से तर-बतर हो जा रहे हैं। मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार मेरठ का तापमान अधिकतम 42 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस था। पश्चिम में आसमान साफ बना हुआ है। वहीं लखनऊ का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 26 डिग्री रहा। झांसी में हीट वेब चलता रहा। पिछले 24 घंटे में वहां का अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया था, जबकि न्यूनतम तापमान भी 31 तक रहा। इससे वहां काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

वहीं गोरखपुर का अधिकतम तापमान 41 व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। वहां आज आसमान में हल्के बादल छाए रहे। वहीं बरेली का अधिकतम तापमान 42, बहराइच का 43, प्रयागराज का 44 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान बना रहा। मौसम विभाग का कहना है कि अभी पांच दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। दो जून को नौतपा के नौ दिन बीत गये और इन दिनों से अधिक अब पारा चढ़ने लगा। जबकि लोग उम्मीद किये बैठे थे कि नौतपा के बाद तापमान में कमी आएगी। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है और बढ़ते तापमान और घटती आर्द्रता से शाम पांच बजे तक वातावरण में झुलसाने वाली हवाएं चल रही हैं। इससे मनुष्य से लेकर जीव जन्तु भी परेशान हो रहे हैं। पशु पक्षी पानी के लिए तालाबों और पोखरों में डेरा जमाने को मजबूर हो रहे हैं।

ये भी पढ़ें..Cyber Crime: चैटिंग के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले…

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि दो जून को नौतपा के नौ दिन बीत गये। इसके बाद भी उत्तरी पश्चिमी हवाएं बराबर तापमान बढ़ा रही हैं और सूरज की किरणें सीधे जमीन पर पड़ रही है। आगामी पांच दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा और फिलहाल लोगों को गर्मी से निजात मिलती नहीं दिख रही है। ऐसे में लू के प्रकोप से बचने के लिए लोग दोपहर में घरों से बाहर निकलने से बचें। बताया कि नौतपा के नौ दिनों में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था और अब यह बढ़कर 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…

Exit mobile version