प्रदेश बिहार Featured

राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान के बाद तेजस्वी यादव बोले-हमें मजबूत और न्यूट्रल प्रेसीडेंट चाहिए

tejaswi

पटनाः राष्ट्रपति चुनाव के लिए बिहार विधानसभा में भी मतदान जारी है। विधानसभा के सभी सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव भी वोट डालने पहुंचे। इस दौरान तेजस्वी ने कहा कि हम लोग मजबूत और न्यूट्रल राष्ट्रपति चाहते हैं। विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि संविधान में सबसे उंचा पद राष्ट्रपति का होता है। इसलिए संविधान की रक्षा को लेकर उनका दायित्व सबसे ज्यादा है।

उन्होंने कहा कि जो देश का माहौल है उसमें लोकतंत्र और संविधान पर खतरा है। ऐसे में एक ऐसे राष्ट्रपति की जरूरत है जो इन सारी चीजों को देखे। तेजस्वी यादव ने कहा कि हम लोग ऐसा राष्ट्रपति चाहते हैं जो मजबूत हो और सरकार अगर संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग करती है तो हस्तक्षेप करे, न कि सरकार के पक्ष में रहे। हम लोग न्यूट्रल राष्ट्रपति चाहते हैं। एक ट्राइबल महिला को राष्ट्रपति बनाए जाने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर इस समाज के लिए इतनी हीं चिंता है तो उनके लिए आरक्षण बढ़ा दिया जाए। उसमें विपक्ष साथ देगा।

ये भी पढ़ें..पैरा शूटिंग वर्ल्ड कप: मनीष-रुबीना ने जीता गोल्ड, निशा ने कांस्य...

इधर, राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के बिखराव पर उन्होंने कहा कि बिहार में सभी विपक्ष एकजुट होकर इस चुनाव में मतदान कर रहा है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा था कि हमें राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति बैठाना है, मूर्ति नहीं बैठानी है। उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव के एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू की ओर इशारा करते हुए सवालिया लहजे में कहा था, उन्हें हमने बोलते कभी नहीं सुना है, मुझे लगता है कि आपलोग भी नहीं सुने होंगे। इस बयान के बाद भाजपा, जदयू और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा ने तेजस्वी पर जमकर निशाना साधा है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…