प्रदेश Featured हरियाणा

शिक्षक भर्ती घोटालाः ओपी चौटाला की औपचारिक रूप से आज हुई रिहाई

नई दिल्लीः शिक्षक भर्ती घोटाला मामले के आरोपित हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की शुक्रवार को औपचारिक रूप से रिहाई हो गई है। तिहाड़ जेल के महानिदेशक संदीप गोयल ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला अपने वकील के साथ और जेल की कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद वह चले गये। जेल सूत्रों के अनुसार, ओपी चौटाला के साथ उनके पोते कर्ण सिंह चौटाला भी आये थे।

चौटाला को सजा में मिली थी माफी

तिहाड़ जेल के महानिदेशक के अनुसार, शिक्षक भर्ती घोटाले में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की सजा बीते बुधवार को पूरी हो गई थी। दिल्ली सरकार व हाई पावर कमेटी और तिहाड़ प्रशासन ने बीते माह ये तय किया था कि जिन कैदियों को 10 साल तक की सजा हुई है और उनकी सजा के छह माह बचे हुए हैं ऐसे कैदियों को सजा में माफी दी जाएगी। इसमें हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला का नाम भी शामिल था। जेल में रहने के दौरान ओपी चौटाला ने अभी तक नौ साल नौ महीने की सजा पूरी की थी।

यह भी पढ़ेंः-कोरोना के सभी वैरिएंट को मात देने में सक्षम है जॉनसन एंड जॉनसन की सिंगल डोज वैक्सीन!

2013 से जेल थे चौटाला

जेल सूत्रों के अनुसार, वर्ष 1998 से 2000 के बीच हरियाणा के विभिन्न जिलों में तीन हजार से ज्यादा शिक्षकों की भर्ती अवैध तरीके से की गई थी। उक्त मामले की सुनवाई बाद में दिल्ली ट्रांसफर की गई थी। दिल्ली की एक कोर्ट ने ओम प्रकाश चौटाला और उसके बेटे अजय चौटाला को 10-10 साल की सजा सुनाई थी। दोनों को 16 जनवरी 2013 को तिहाड़ जेल में लाया गया था। फिलहाल दोनों कोविड के चलते इमरजेंसी पैरोल पर थे।