प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

स्वामी प्रसाद मौर्य आज सपा में होंगे शामिल, ट्वीट कर भाजपा पर किया करारा प्रहार

लखनऊः यूपी विधानसभा चुनाव के ऐलान के बाद योगी सरकार के तीन कैबिनेट मंत्रियों के इस्तीफों से भारतीय जनता पार्टी को करारा झटका लगा है। तीन मंत्रियों के साथ ही सात विधायकों ने अपना त्यागपत्र दे दिया है। भाजपा का दामन छोड़ने के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य अपने समर्थकों के साथ शुक्रवार को समाजवादी पार्टी की सदस्यता लेंगे। उसके साथ दारा सिंह चौहान और धर्म सिंह सैनी भी सपा में शामिल होंगे। माना जा रहा है भाजपा से त्यागपत्र देने वाले विधायक भी सपा की सदस्यता लेंगे।

स्वामी प्रसाद मौर्य के सपा में शामिल होने से पूर्व उनके समर्थक सपा मुख्यालय में एकत्रित होने लगे हैं। इससे पूर्व स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि क्रांति का बिगुल बच चुका है। भाजपा की भ्रांति टूटी है। 14 जनवरी को मकर संक्रान्ति के दिन भाजपा के अंत का शंखनाद होने वाला है। स्वामी प्रसाद मौर्य के अपने समर्थकों के साथ सपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। यह बातें उन्होंने शुक्रवार को ट्वीट कर कही।

यह भी पढ़ें-शादी के बाद कैटरीना-विक्की ने मनाई पहली लोहड़ी, शेयर की रोमांटिक तस्वीरें

स्वामी प्रसाद मौर्य ने गुरूवार को भी ट्वीट कर भाजपा और संघ पर निशाना साधा था। स्वामी प्रसाद मौर्य के आवास पर भी उनके समर्थकों का तांता लगा हुआ है। प्रदेशभर से उनके समर्थक लखनऊ पहुंचे हैं। गौरतलब है कि 11 जनवरी को श्री मौर्य ने राजभवन पहुंचकर अपने मंत्री पद से राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल को इस्तीफा सौंपा था।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)