सुरेश खन्ना ने कहा- हर नागरिक को जानना चाहिए देश का संविधान

40

suresh khanna

 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना (suresh khanna) की अध्यक्षता में रविवार को लोक भवन सभागार में संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की प्रस्तावना पढ़ी गयी।

विद्यार्थियों को दिए गए प्रमाण पत्र

कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों, अन्य विशिष्ट अतिथियों और विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। इस अवसर पर संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों से संबंधित विषय पर आयोजित वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी दिये गये।

आम आदमी को जानना जरूरी

इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को संविधान के बारे में जानना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में पूरे देश में ‘संविधान दिवस’ मनाने की परंपरा शुरू करने के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धन्यवाद के पात्र हैं। संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य यह है कि देश के हर नागरिक, हर आम आदमी को इसके बारे में पता होना चाहिए। संविधान पर चिंतन करें और उसे अपने जीवन में लागू करें।

चुनौतियों का सामना करने के लिए जरूरी

खन्ना ने कहा कि भारत का संविधान लोकतांत्रिक व्यवस्था के शाश्वत एवं बुनियादी सिद्धांतों की अभिव्यक्ति है। यह संविधान सभा के दूरदर्शी विद्वान सदस्यों के सामूहिक ज्ञान और मूल्यवान अनुभवों का सार है।

संविधान से हमें जो शक्तियाँ मिलती हैं वे हमें हर कठिन कार्य को आसानी से करने और राष्ट्रीय लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद करती हैं। देश के चुनाव संविधान में निहित शक्तियों की पुष्टि करते हैं। हमारा संविधान देश के सामने मौजूद चुनौतियों को हल करने और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने का एक कुशल माध्यम साबित हुआ है।

यह भी पढे़ंः-चीन में बढ़ती बीमारी पर भारत अलर्ट, किया गया ये फैसला

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि समाज बदल रहा है। ऐसी ही दूरदर्शिता रखते हुए डॉ. अम्बेडकर ने संविधान को लचीला बनाया ताकि समय के अनुसार परिवर्तन किये जा सकें। अब तक हमारे संविधान में सौ से अधिक संशोधन किये जा चुके हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)