तालिबान का समर्थन करना सपा सांसद को पड़ा महंगा, भाजपा नेता ने दर्ज कराया केस

0
113

लखनऊः संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद शफीकुररहमान बर्क पर अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे की तुलना भारत के स्वतंत्रता संग्राम से करने के मामले में केस दर्ज किया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल की शिकायत पर सदर थाने में सपा सांसद बर्क के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सांसद के खिलाफ आरोपों में धारा 124 ए (देशद्रोह), 153 ए (समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और 295 ए (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना) शामिल हैं।

संभल के सांसद ने एक बयान जारी कर तालिबान द्वारा अफगानिस्तान पर कब्जा करने और देश पर उनके हमले की तुलना भारत के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से की थी। उन्होंने कहा था कि तालिबान अपने देश की आजादी के लिए लड़ रहा है और यह अफगानिस्तान का आंतरिक मामला है। उन्होंने कहा कि जब भारत ब्रिटिश शासन के अधीन था, हमारे देश ने आजादी के लिए लड़ाई लड़ी थी। अब तालिबान अपने देश को मुक्त करना और स्वयं चलाना चाहता है। तालिबान एक ऐसी ताकत है जिसने रूस और अमेरिका जैसे मजबूत देशों को भी अपने देश में बसने की इजाजत नहीं दी।

यह भी पढ़ें-महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा में फिर तोड़फोड़

समाजवादी पार्टी के सांसद की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने बर्क की आलोचना की और कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और सपा के नेताओं के बीच कोई अंतर नहीं है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी कुछ भी कह सकती है, अगर तालिबान पर सपा की ओर से ऐसा बयान आया है, तो इमरान खान और सपा के नेताओं में क्या अंतर है? इससे पहले पीस पार्टी के प्रवक्ता शादाब चौहान ने भी तालिबान को अफगानिस्तान में सत्ता के शांतिपूर्ण हस्तांतरण पर बधाई दी थी। भाजपा प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने खान पर जमकर निशाना साधते हुए कहा था, चौहान का ट्वीट उनकी पीस पार्टी के रुख को दर्शाता है, हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)