Featured राजनीति

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का दावा, राहुल अमेठी से ही लड़ेंगे चुनाव

  वाराणसीः उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अजय राय ने शुक्रवार को अपने गृह जिले वाराणसी से दावा किया कि राहुल गांधी 2024 का लोकसभा चुनाव अमेठी से ही लड़ेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी ने केरल से कश्मीर तक पदयात्रा कर पार्टी के लिए सकारात्मक माहौल बनाया है।

अगर प्रियंका गांधी बनारस से चुनाव लड़ेंगी तो कार्यकर्ता पूरी ताकत लगा देंगे

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार शहर आए पूर्व विधायक अजय राय ने बाबतपुर एयरपोर्ट पर मीडियाकर्मियों से बातचीत में प्रियंका गांधी को लेकर कई बातें कहीं। प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने से जुड़े सवाल पर अजय राय ने कहा कि हमारी नेता प्रियंका गांधी जहां से कहेंगी, हम वहां से चुनाव लड़वाएंगे। उनका पूरे दमखम से मुकाबला किया जाएगा। अगर प्रियंका गांधी बनारस से चुनाव लड़ेंगी तो एक-एक कार्यकर्ता उनकी जीत के लिए पूरी ताकत लगा देंगे। पार्टी प्रियंका गांधी को वाराणसी से चुनाव लड़ने का न्योता भी भेजेगी। यह भी पढ़ेंः-बाढ़ से आगाह करेगा रेलवे ब्रिज पर लगा वाटर लेवल मॉनीटरिंग सिस्टम, ऐसे करता है काम

कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर कसा तंज

अजय राय ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर तंज कसते हुए कहा कि वह चुनाव के दौरान 13 रुपये में चीनी मुहैया करा रही थीं। अब 13 रुपये की चीनी कहां है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ेंगे। यह जानकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सदमे में हैं। एक अन्य सवाल के जवाब में पूर्व विधायक ने कहा कि आगामी 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी जीतेगी। पार्टी नेता राहुल गांधी द्वारा दिये गये संदेश को घर-घर तक पहुंचाया जायेगा। सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर कांग्रेस लोकसभा चुनाव लड़ेगी और पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ेगी। अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)