उत्तर प्रदेश

अयोध्या के लिए इन 8 शहरों से शुरू हुई विमान सेवा, सिंधिया ने किया शुभारंभ

नई दिल्लीः उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर के उद्घाटन के बाद से रामलला के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों की संख्या कम नहीं हो रही है। अयोध्या में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को सुविधा देने के लिए एयरलाइन कंपनी SpiceJet ने 1 फरवरी यानी आज से देशभर के आठ शहरों से अयोध्या के लिए विमान सेवा शुरु कर दी है।

उड्डयन मंत्री सिंधिया ने किया शुभारंभ

दरअसल केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को देशभर के आठ शहरों से अयोध्या के लिए SpiceJet की हवाई सेवा का वर्चुअल शुभारंभ किया। नागरिक उड्डयन मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सिंधिया के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। इस कार्यक्रम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने लखनऊ स्थित सरकारी आवास से वर्चुअली जुड़े रहे। इस मौके पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने इन नई उड़ान सेवाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री सिंधिया का आभार व्यक्त किया। सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश में तेजी से उभरता हुआ राज्य है। आज उत्तर प्रदेश उत्तर से दक्षिण, पूरब से पश्चिम सबसे जुड़ रहा है। ये भी पढ़ें..Lakhpati Didi Yojana: क्या है मोदी सरकार की ‘लखपति दीदी योजना’, कैसे उठा सकते हैं लाभ ?

इन 8 शहरों से अब मिलेगी डायरेक्ट फ्लाइट

दिल्ली-अयोध्या, अहमदाबाद-अयोध्या, जयपुर-अयोध्या, चेन्नई-अयोध्या, पटना-अयोध्या, मुंबई-अयोध्या, बेंगलुरु-अयोध्या और दरभंगा-अयोध्या के लिए उड़ानें शुरू हो रही हैं। सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में बेहतर एयर कनेक्टिविटी एक सपना था। आज सपना साकार हो गया। लोगों ने कभी सोचा भी नहीं था कि अयोध्या में चार लेन की सड़कें होंगी, बेहतरीन रेलवे स्टेशन होगा, हवाई अड्डा होगा। अयोध्या में 22 जनवरी की घटना नये भारत की तस्वीर दिखाने का उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या का विकास मेरे लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है। पिछले 10 दिनों में 25 लाख से ज्यादा लोगों ने रामलला के दर्शन किए। रामनवमी में यह और बढ़ जायेगा। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन को केन्द्रीय मंत्री सिंधिया और वीके सिंह ने बखूबी क्रियान्वित किया है। उन्होंने स्पाइसजेट प्रबंधन को दिल से धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अपार सम्भावनाओं वाला प्रदेश है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)