Monday, March 31, 2025
spot_img
spot_img
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeअन्यक्राइम15 लाख रुपए की सुपारी लेकर की थी हत्या, दो गिरफ्तार

15 लाख रुपए की सुपारी लेकर की थी हत्या, दो गिरफ्तार

नई दिल्लीः गोविंदपुरी थाना क्षेत्र में बीती छह जुलाई को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के चालक संजीव कुमार की हत्या करने वाले शार्प-शूटर समेत दो आरोपितों को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। गोली मारने वाले आरोपित मनीष मिश्रा (34) को गुजरात के वलसाड़ से गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे आरोपित इकबाल उर्फ इकाल अंसारी (42) को गोविंद पुरी मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया है।

इकबाल मूलरूप से गोड्डा, झारखंड का रहने वाला है। वह संजीव की दूसरी पत्नी नजमा के बुआ का बेटा है। उसने नजमा के साथ मिलकर संजीव की हत्या की साजिश रची थी और मनीष मिश्रा को हत्या करने पर 15 लाख रुपए सुपारी देने का भरोसा दिया था। इकबाल की निशानदेही पर पुलिस टीम ने एक पिस्तौल और तीन कारतूस जब्त किए हैं।

स्पेशल के डीसीपी जसमीत सिंह ने बुधवार को बताया कि स्थानीय पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच में जुटी थी, लेकिन इसी बीच एसीपी अतर सिंह की टीम को सूचना मिली की एक आरोपी गोविंद पुरी मेट्रो स्टेशन के पास आने वाला है। सूचना के आधार पर आरोपित इकबाल को पुलिस टीम ने दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि संजीव की दो पत्नियां हैं, जो उसकी हत्या के साजिश में शामिल थी।

पहली पत्नी गीता से अनबन होने के बाद नजमा से संजीव ने दूसरी शादी कर ली थी। पर कुछ दिनों से संजीव अपनी पहली पत्नी के साथ दक्षिणपुरी में किराए पर रह रहा था। संपत्ति पर कब्जा करवाने के लिए दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और इसके लिए इकबाल की मदद ली।

इकबाल ने बताया कि उसने अपने जानकार मनीष मिश्रा से सपंर्क किया और 15 लाख रुपए की सुपारी देने की बात कही, जिसके बाद मनीष हत्या करने के लिए राजी हो गया। उसके बाद घटना वाले दिन दोनों आरोपित बाजार में पहुंचे और संजीव की गोली मार कर हत्या कर दी, जिसके बाद आरोपित इकबाल झारखंड फरार हो गया, जबकि मनीष गुजरात फरार हो गया।

इस बीच गोविंद पुरी थाना पुलिस ने हत्या की साजिश रचने के आरोप में संजीव की पहली पत्नी गीता, बेटी कोमल और दूसरी पत्नी नजमा को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं जब नौ जुलाई को इकबाल दिल्ली पहुंचा तो टीम ने उसे मेट्रो स्टेशन के पास से दबोच लिया। उसने पूछताछ में बताया कि मनीष मिश्रा ने गोली मारी थी, जिसके बाद एक टीम गुजरात गई और वहां से मनीष को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

सम्बंधित खबरें
- Advertisment -spot_imgspot_img

सम्बंधित खबरें