Mulayam Singh Yadav: सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का पश्चिमी यूपी से भी था गहरा नाता

0
29

मेरठः सपा संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उनके प्रशंसकों और सपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से मुलायम सिंह का गहरा नाता था। जिससे एक बार मिल लिये, उसे कभी नहीं भूले। मुलायम सिंह की इसी सोच के सभी कायल थे। देश के पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासी नर्सरी से निकले पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को अपना राजनीतिक गुरु माना। इसी कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश की धरती से मुलायम सिंह का गहरा नाता रहा। चौधरी चरण सिंह के साथ भी मुलायम सिंह ने मंच साझा किए। मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर हो या गौतमबुद्ध नगर इन सभी जिलों में कार्यकर्ताओं से मुलायम सिंह के निजी रिश्ते रहे।

मुरादाबाद, रामपुर, संभल, अमरोहा में भी मुलायम सिंह को चाहने वालों की लंबी फेहरिस्त है। चुनावी सभाओं को भी मुलायम सिंह ने सभी जिलों में संबोधित किया। मेरठ जनपद में मुलायम सिंह के समाजवादी नेता रहे गोपाल अग्रवाल से खासा लगाव रहा। गोपाल अग्रवाल बताते हैं कि वे जिससे एक बार मिल लेते थे, उसे भूलते नहीं थे। कई सालों बाद मिलने पर भी सीधे नाम से बुलाते थे। नेताजी के इसी गुण के सभी कायल हो जाते थे। वे जमीन से जुड़े हुए नेता थे। सपा सरकार में दर्जा राज्य मंत्री रहे भूषण त्यागी भी मुलायम सिंह के करीबियों में गिने जाते थे। मुलायम सिंह यादव ने मेरठ में कई चुनावी सभाओं को संबोधित किया था। इसी तरह से बागपत में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओमकार यादव भी उनके निकटस्थ थे। बागपत के मवींकलां गांव में चौधरी चरण सिंह विवि छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. कुलदीप उज्ज्वल की बहन की शादी में भी मुलायम सिंह पहुंचे थे। बागपत का भी मुलायम सिंह यादव ने कई बार दौरा किया। इसी तरह से भाकियू संस्थापक महेंद्र सिंह टिकैत के पैतृक निवास सिसौली में भी मुलायम सिंह कई बार गए। किसानों के हित में भी उन्होंने कई घोषणाएं की थी।

ये भी पढ़ें..हाथियों के उत्पात पर बिफरे भाजपाई, कलेक्ट्रेट के सामने की नारेबाजी

मेरठ विवि का नाम चौधरी चरण सिंह के नाम पर रखा
1994 में मुख्यमंत्री रहने के दौरान मुलायम सिंह यादव ने मेरठ विश्वविद्यालय का नाम बदलकर चौधरी चरण सिंह विवि के नाम पर रख दिया। इसके बाद सपा एमएलसी रहने के दौरान डॉ. सरोजिनी अग्रवाल ने अपने मेडिकल कॉलेज का नाम मुलायम सिंह यादव के नाम पर रखा। भाजपा नेता और मेरठ सिनेमा एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय गुप्ता बताते हैं कि भैंसाली मैदान में व्यापारियों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के सामने सिनेमा कारोबारियों ने 50 पैसे का टैक्स छोड़ने की मांग की। इस पैसे का उपयोग सिनेमा मालिकों ने अपनी आय में करने की बात कही। इस पर मुलायम सिंह ने कहा कि अब 50 पैसे नहीं, हम एक रुपए ही माफ कर चुके हैं। इसकी घोषणा कानपुर की रैली में कर चुके हैं, लेकिन सिनेमा मालिकों को वायदा करना होगा कि प्रदेश के किसी भी सिनेमा हॉल में शौचालय बेकार और बदबूदार नहीं मिलेंगे।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…