प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

सपा सांसद ने तालिबानियों का किया समर्थन, बोले- अफगानिस्तान में लड़ रहे आजादी की लड़ाई

संभलः संभल के सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क फिर एक बार विवादित बयान देते हुए अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि जैसे भारत में अंग्रेजों से आजादी की लड़ाई लड़ी गई, वैसे ही अफगानिस्तान के लोग अपने देश को आजाद कराने के लिए लड़े। सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क ने कहा कि जब हमारा देश अंग्रेजों के कब्जे में था तो पूरा हिन्दुस्तान आजादी के लिए लड़ाई लड़ रहा था। अफगानिस्तान में भी लोग अपने देश को आजाद करने के लिए लड़े हैं, क्योंकि तालिबान वहां पर एक ताकत है। इसलिए वहां के लोग अपने देश को खुद अपने तौर पर चलाना चाहते हैं।

सपा सांसद ने कहा कि अफगानिस्तान के लोग अमेरिका की हुक्मरानी को क्यों सुने। वहां के लोग अगर अपने यहां कब्जा कर रहे हैं और आजाद होना चाहते हैं तो ठीक है, वे करें। उस देश के लोग अपने देश के लिए काम कर रहे हैं, इससे हमें नहीं डरना चाहिए। हम हिन्दुस्तान के लोग किसी से कमजोर नहीं है। यदि हमारे हिन्दुस्तान पर कोई कब्जा करने के लिए आएगा तो पूरा मुल्क एक साथ खड़ा है।

यह भी पढ़ें-भारत में नया पेमेंट फीचर लेकर आया WhatsApp, जानें क्या होगा...

भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर सपा सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को कोई राहत नहीं दी है। किसान आठ महीने से धरने पर बैठे हैं। उनकी कोई बात नहीं सुन रहा। गौरतलब है कि संभल के सपा सांसद लगातार विवादित बयान देते आए हैं। कभी जनसंख्या नियंत्रण पर तो कभी श्रीराम मंदिर को लेकर बयान देते रहे हैं। अब तालिबान का समर्थन करके सपा सांसद ने विवादित बयान दिया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)