मध्य प्रदेश Featured राजनीति

भाजपा में शामिल होने वाले सपा विधायक राजेश शुक्ला पार्टी से निष्कासित

भोपालः समाजवादी विधायक राजेश शुक्ला द्वारा भाजपा का दामन थामने के बाद पार्टी ने उन पर कार्रवाई करते हुए निष्कासित कर दिया है। समाजवादी पार्टी युवजन सभा प्रदेश अध्यक्ष यश भारतीय ने बताया कि मप्र विधानसभा में सपा चुनाव चिन्ह साइकिल से बिजावर विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा पहुंचे राजेश शुक्ला को सपा से निष्कासित किया जा रहा है। यश भारतीय ने कहा कि पूर्व में राज्यसभा सदस्य चुनाव के समय में भी सपा विचारधारा के विपरीत जाते हुए विधायक राजेश शुक्ला ने भाजपा के समर्थन में वोट दिया था।

ये भी पढ़ें..राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति चुनाव के बीच संसद के मानसून सत्र की संभावना, सत्र में हंगामा होना तय

जिसको देखते हुए सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें तत्काल पार्टी से बाहर कर दिया था, लेकिन कुछ दिन पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलकर अपना पक्ष रखते हुए क्षमा मांगी थी। जिस पर विधायक राजेश शुक्ला को पार्टी कार्यक्रम में शामिल किया गया, लेकिन पुन: भाजपा के संपर्क में रहते हुए उन्होंने भाजपा कार्यालय पहुंचकर भाजपा की सदस्यता ले ली है इसलिए पार्टी विरोधी गतिविधियों के देखते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष रामायण सिंह पटेल ने राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर विधायक राजेश शुक्ला को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र बिजावर की जनता ने सपा एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर विश्वास जताया था जिसके माध्यम से बिजावर विधायक राजेश शुक्ला विधानसभा पहुंचे हैं। लेकिन दल बदल करके उन्होंने जनता का अपमान किया है। यश भारतीय ने कहा कि विधायक राजेश शुक्ला और और उनके परिवार ने पहले भी कांग्रेस में रहते चुनाव लडा है, लेकिन बिजावर विधानसभा क्षेत्र की जनता ने उन्हें अस्वीकार कर दिया था और वे चुनाव हार गए थे लेकिन जब सपा के साइकिल चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़े तो क्षेत्रीय जनता ने उन्हें प्रचंड बहुमत दिया। जिसका आज राजेश शुक्ला ने अपमान किया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)