Weather Update: दक्षिणी पूर्वी हवाएं अभी तीन दिन तक कराएंगी बारिश

21

कानपुर: मौसम का मिजाज मंगलवार से ऐसा बदला कि बारिश थमने का नाम ही नहीं ले रही है। पूरी रात बारिश होने के बाद बुधवार को दिन में भी झमाझम बारिश होती रही। मौसम विभाग का कहना है कि हवाओं की दिशाएं बदलने और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं से मानसून सक्रिय है, जिससे बारिश हो रही है और आगामी तीन दिनों तक ऐसी ही बारिश होती रहेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बुधवार को बताया कि एक गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र अब उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर है और संबंधित चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। मानसून ट्रफ जैसलमेर, कोटा और फिर उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश के ऊपर बने गहरे निम्न दबाव के केंद्र से गुजरते हुए, सतना, चुर्क, रांची, दीघा और फिर पूर्व दक्षिण-पूर्व की ओर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व की ओर जा रही है। महाराष्ट्र और गोवा तट के साथ अपतटीय ट्रफ रेखा बनी हुई है।

ये भी पढ़ें..‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बीच कांग्रेस को बड़ा झटका, गोवा में…

एक ट्रफ रेखा उत्तर पश्चिमी अरब सागर से गुजरात, उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश के ऊपर बने हुए चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से गुजरते हुए, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल से होते हुए बांग्लादेश की तरफ जा रही है। 18 सितंबर के आसपास उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट के पास बंगाल की उत्तरी खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण विकसित होने की उम्मीद है।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 28.4 और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 98 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 98 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं दक्षिणी पूर्वी रही जिनकी औसत गति 12.7 किमी प्रति घंटा रही और आज 36 मिमी बारिश दर्ज की गई। आगामी तीन दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के साथ कानपुर मण्डल सहित पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश होने के आसार हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)