देश Featured

Himachal: छह विधायकों को मुख्यमंत्री ने दिलाई मुख्य संसदीय सचिव पद की शपथ

शिमला: हिमाचल विधानसभा चुनाव परिणाम के एक माह बाद सुक्खू सरकार ने छह विधायकों की सियासी नियुक्तियां की हैं। मुख्य संसदीय सचिव पद पर नामित इन विधायकों को मंत्रिमंडल के विस्तार से पहले मुख्यमंत्री ने शपथ दिलाई। इन विधायकों को कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिला है।

रविवार सुबह राजधानी शिमला में आयोजित एक सादे समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बैजनाथ के विधायक किशोरीलाल, पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल, अर्की के विधायक संजय अवस्थी, कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर, दून के विधायक रामकुमार और रोहड़ू के विधायक मोहनलाल बरागटा को मुख्य संसदीय सचिव के पद की शपथ दिलाई। मुख्य संसदीय सचिव पद की शपथ लेने बनने वाले इन सभी विधायकों को कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिल गया है।

ये भी पढ़ें..Himachal: मंत्रिमंडल में अनुभव के साथ युवाओं को भी मिला मौका, 82 साल के धनीराम सबसे उम्रदराज मंत्री

दरअसल, सुक्खू सरकार ने आज राजभवन में होने वाली मंत्रियों के शपथ समारोह से पहले इन मुख्य संसदीय सचिवों की नियुक्त कर क्षेत्रीय व जातीय संतुलन को साधा है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कांगड़ा और सोलन जिले से दो-दो, कुल्लू और शिमला जिले से एक-एक विधायक को मुख्य संसदीय सचिव बनाया है। इस तरह मुख्य संसदीय सचिव की नियुक्ति में चार जिलों को प्रतिनिधित्व मिल गया है।

उल्लेखनीय है कि हिमाचल में पिछली भाजपा शासित जयराम ठाकुर सरकार में कोई संसदीय सचिव नहीं बनाए गया था, लेकिन वर्ष 2012 से 2017 की कांग्रेस की वीरभद्र सरकार सात और 2007 से 2012 की धूमल सरकार में तीन मुख्य संसदीय सचिव बनाए गए थे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)