पंजाब राजनीति

सिद्धू ने अमृतसर में किया शक्ति प्रदर्शन, 62 विधायकों के साथ स्वर्ण मंदिर में टेका मत्था

Accompanying 62 MLAs, Sidhu pays obeisance at Golden Temple.(photo:Sidhu Twitter)
 

अमृतसर: पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा के बाद एकजुटता दिखाते हुए पंजाब कांग्रेस इकाई प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने 62 विधायकों के साथ बुधवार को स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के साथ खींचतान के बीच राज्य प्रमुख की जिम्मेदारी संभालने वाले सिद्धू ने प्रदेश कांग्रेस के अन्य नेताओं के बीच अपनी पैठ और एकजुटता दिखाते हुए 62 विधायकों के साथ स्वर्ण मंदिर का दौरा किया, जिनमें कई राज्य कैबिनेट मंत्री भी शामिल रहे।

मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, जो बिजली संकट और बेअदबी के मुद्दे पर अपनी सरकार के खिलाफ सिद्धू की कथित टिप्पणी से नाराज हैं, वह सिद्धू के साथ नजर नहीं आए। अमरिंदर सिंह के अलावा सिद्धू के प्रदेश प्रमुख बनने के बाद अपने निर्वाचन क्षेत्र और शहर में धार्मिक स्थलों की उनकी पहली यात्रा से उनके करीबी और विश्वासपात्र नेतागण भी अनुपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- सिद्धू के नेतृत्व में सभी विधायक और नेता चंडीगढ़ में जुटेंगे, हाईकमान के निर्देश

हालांकि, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ क्रिकेटर से नेता बने सिद्धू के साथ नजर आए। सिद्धू शुक्रवार को नया प्रभार संभालेंगे। स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकने के बाद सिद्धू और उनके साथ मौजूद विधायक दुर्गियाना मंदिर और राम तीर्थ स्थल, दोनों प्रमुख हिंदू स्थलों का दौरा करेंगे। इससे पहले दिन में कांग्रेस के 62 विधायक यहां सिद्धू के आवास पर एकत्र हुए और वह दो चार्टर्ड लग्जरी बसों में स्वर्ण मंदिर परिसर पहुंचे। स्वर्ण मंदिर पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को अपना रुख सख्त करते हुए स्पष्ट किया कि वह सिद्धू से तब तक नहीं मिलेंगे, जब तक कि वह सार्वजनिक रूप से उनसे माफी नहीं मांग लेते। वहीं मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने एक ट्वीट में कहा, नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा कैप्टन अमरिंदर से मिलने के लिए समय मांगने की खबरें पूरी तरह झूठी हैं।

उन्होंने कहा, कोई समय नहीं मांगा गया है। रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री नवजोत सिंह सिद्धू से तब तक नहीं मिलेंगे, जब तक कि वह उनके खिलाफ व्यक्तिगत रूप से अपमानजनक सोशल मीडिया हमलों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांग लेते।

साथ ही कैबिनेट मंत्री ब्रह्म महिंद्रा ने नए राज्य इकाई के प्रमुख के रूप में सिद्धू की नियुक्ति का स्वागत किया, लेकिन मुख्यमंत्री के साथ अपने मुद्दों को हल करने तक उनके साथ व्यक्तिगत बैठक से इनकार किया। महिंद्रा ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि सिद्धू को नियुक्त करने का फैसला आलाकमान ने लिया है और यह स्वागत योग्य है।

महिंद्रा ने कहा, हालांकि, मैं उनसे (सिद्धू) तब तक नहीं मिलूंगा, जब तक कि वह मुख्यमंत्री से नहीं मिलते और उनके साथ अपने मुद्दों का समाधान नहीं कर लेते। उन्होंने कहा कि अमरिंदर सिंह कांग्रेस विधायक दल के नेता हैं और वह उनका अनुसरण करने के लिए बाध्य हैं।