उत्तर प्रदेश Featured

Shri Ram Janmabhoomi: निमंत्रण के लिए हुई देशव्यापी गृह संपर्क अभियान की शुरूआत

Shri Ram Janmabhoomi, अयोध्या: विश्व हिंदू परिषद (VHP) के आह्वान पर आज 1 जनवरी से देशभर में 15 दिवसीय गृह संपर्क अभियान शुरू हो गया है। अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, नगर संघचालक महंत जयराम दास और महानगर प्रचारक सुबंधु ने अक्षत बांटकर अभियान की शुरुआत की। दिल्ली में विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता विनोद बंसल ने सबसे पहले अनुसूचित समाज और सफाई कर्मियों को अभिषेक के लिए आमंत्रित कर अभियान की शुरुआत की। विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता अशोक तिवारी ने बताया कि विहिप के नेतृत्व में यह अभियान 15 जनवरी तक चलेगा। इस अभियान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े सभी समान विचारधारा वाले संगठनों के कार्यकर्ता सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि यह अब तक का सबसे बड़ा गृह संपर्क अभियान होगा। प्रतिष्ठा के दिन सभी को आमंत्रित करना संभव नहीं है। इसलिए वीएचपी ने सभी से आह्वान किया है कि वे 22 जनवरी को अपने गांव के मंदिर में पूजा करें और फिर अयोध्या आएं।

राम मंदिर की तस्वीर के साथ बांटे जाएंगे अक्षत

1 से 15 जनवरी के बीच विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता घर-घर जाकर राम मंदिर की तस्वीर के साथ अक्षत भेंट करेंगे और 22 जनवरी के बाद परिवार सहित अयोध्या आने का निमंत्रण देंगे। जिला, ब्लॉक, न्याय पंचायत और ग्राम सभा स्तर तक कार्यकर्ता गठित किये गये हैं। निमंत्रण देने में लगे कार्यकर्ताओं को इस दौरान कोई भी उपहार या दान स्वीकार करने की सख्त मनाही की गई है।

गांव के मंदिरों में होगी सभा

22 जनवरी को जब रामलला अयोध्या में राम मंदिर के गर्भगृह में विराजमान होंगे तो उनकी खुशी में देशभर के सभी मंदिरों में विजय महामन्त्री श्री राम जय राम जय जय राम के जयकारे के साथ कीर्तन भजन होगा। देश भर में अयोध्या कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सभी हिंदुओं से 22 जनवरी की शाम को अपने घरों के सामने दीपक जलाने का आह्वान किया है। यह भी पढ़ेंः-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या का प्राचीन गौरव लौटाया : स्वाती सिंह विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री राजेश ने बताया कि आज से अवध प्रांत के सभी जिलों में गृह संपर्क अभियान शुरू हो गया है। इसके लिए जिला, ब्लॉक, न्याय पंचायत और ग्राम सभा स्तर तक टीमें गठित की गई हैं। विहिप कार्यकर्ता घर-घर जाकर राम दरबार की तस्वीरें और पत्रक के साथ-साथ पूजित अक्षत भी दे रहे हैं। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)