प्रदेश मध्य प्रदेश Featured

छह शुभ योगों में बुधवार को घर और पंडालों में विराजेंगे श्री गणपति जी

ग्वालियरः सभी देवों में सर्वप्रथम पूजे जाने वाले मंगलमूर्ति श्री गणेश जी दस दिनों के लिए आज बुधवार से छह शुभ योगों में घर और पंडालों में विराजने जा रहे हैं। इन दस दिनों तक शहर में उत्सव जैसा माहौल रहेगा। बाजारों में अच्छी खरीदारी भी होगी। गणेश प्रतिमाओं की बिक्री के लिए शहर के बाजार भी तैयार हो गए हैं। गणेश मंदिर भी दुल्हन की तरह सजे हुए हैं। कोरोना संक्रमण के दो वर्ष बाद इस बार गणेश उत्सव शहर में बहुत ही धूमधाम से मनाया जाने वाला है। इस उत्सव को लेकर सभी उत्साहित हैं।

ज्योतिषाचार्य ने बताया कि सनातन धर्म में कोई भी शुभ कार्य जब होता है तो सबसे पहले भगवान श्री गणेश जी की पूजा की जाती है। भाद्रपद मास की शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को देशभर में गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। 10 दिनों तक चलने वाला यह शुभ पर्व 31 अगस्त से प्रारंभ होकर 9 सितम्बर तक चलेगा। गणेश चतुर्थी के अवसर पर इस बार 31 अगस्त को रवि, शुल्क, सुनफा, वाशी और ब्रह्म योग का शुभ संयोग रहेगा। इसके साथ ही 2 और 5 सितम्बर को सर्वार्थ योग रहेगा। 8 सितम्बर को गुरु प्रदोष के साथ अतिगंड राजयोग भी रहेगा। 9 सितम्बर को अनंत चतुर्दशी के दिन सुकर्मा योग रहेगा। ज्योतिषाचार्य ने बताया कि ज्योतिष शास्त्र की अगर बात मानें तो विघ्नहर्ता गणेश की पूजा के समय यह शुभ संयोग धन समृद्धि दायक होंगे तथा सभी भक्तों की समस्याओं का अंत करने वाले यह शुभ योग होंगे। इस दिन नया काम करना भी शुभमंगलकारी होगा। पंचांग की इन विशेषताओं को देखें तो गणेश चतुर्थी पर शुभ मुहूर्त में घर, प्रतिष्ठान, उद्योग, कार्यालय आदि में भगवान गणेश की स्थापना भक्तों के मनोरथ को पूर्ण करने वाली रहेगी। ज्योतिषाचार्य ने बताया कि गणेश चतुर्थी के दिन चंद्र दर्शन नहीं करना चाहिए। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन चंद्र दर्शन करने से झूठा कलंक लगता है।

स्थापना और पूजन के मुहुर्त:-

गणेश पूजन के लिए मध्यान्ह मुहुर्त सुबह 11:05 से दोपहर 01:36 बजे तक, चतुर्थी तिथि दोपहर 03:22 तक उसके बाद पंचमी, विजय मुहुर्त दोपहर 02:05 से 02:55 बजे तक, गोधुलि मुहुर्त शाम को 06:06 से 06:30 बजे तक, अमृत काल मुहुर्त शाम को 05:42 से 07:20 बजे तक, रवि योग प्रात: 05:38 से रात्रि 12:12 बजे तक। इस दिन शुक्ल योग भी रहेगा, शाम की पूजा मुहुर्त 05:42 से 07:20 बजे तक।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…